राष्ट्रवाणी (दंतेवाड़ा ब्यूरो): न्यूज, किरंदुल। दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल स्थित बैलाडीला की पहाड़ियों के पीछे वन क्षेत्र में 18 नवंबर की रात हुए भूस्खलन से क्षेत्र में डर का माहौल है। पहाड़ी से खिसका बजरी और मलबा नाले के रास्ते करीब दो से तीन किलोमीटर तक बहकर समतल जमीन पर जमा हो गया।
इस मलबे की चपेट में आकर एनएमडीसी का वेस्ट डंप और लोहागांव पहुंच मार्ग प्रभावित हुआ है। राहत की बात यह है कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही 19 नवंबर को दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, वनमंडलाधिकारी और एनएमडीसी किरंदुल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मलबे के फैलाव, पहाड़ी की मौजूदा स्थिति और प्रभावित पहुंच मार्ग का जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि इस प्राकृतिक घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
इस घटना को लेकर 20 नवंबर को एनएमडीसी ने अपना आधिकारिक पक्ष जारी करते हुए स्पष्ट किया कि किरंदुल क्षेत्र में हुई यह घटना बैलाडीला पहाड़ियों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में प्राकृतिक कारणों से बजरी और मलबे के खिसकने के कारण हुई है। कंपनी ने कहा कि इसका उसकी किसी भी खनन गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।
एनएमडीसी के मुताबिक, आसपास के गांवों में किसी की संपत्ति या अन्य प्रकार के नुकसान की भी कोई सूचना नहीं है। एनएमडीसी ने घटनास्थल पर जमा बजरी और मलबे को हटाने के लिए भारी मशीनें तैनात कर दी हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन के समन्वय से विशेषज्ञों की एक टीम को मौके का निरीक्षण करने और घटना के कारणों का विस्तृत आकलन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह टीम पहाड़ी की भौगोलिक स्थिति और मलबे के बहाव सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। प्रबंधन ने कहा है कि आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने के बाद ही पहाड़ी दरकने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

