राष्ट्रवाणी (सूरजपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिश्रामपुर : सूरजपुर जिले में हाथियों का उत्पात अब ग्रामीणों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगा है। जंगलों में हाथियों की मौजूदगी, गांवों में उनकी आवाजाही और खेतों में फसलों की बर्बादी ने ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ा दी है। हाथियों के हमलों में पहले ही कई लोगों की जान जा चुकी है, इसके बावजूद मानव-हाथी संघर्ष का खतरा कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
सूरजपुर वन परिक्षेत्र के मोहनपुर जंगल में पखवाड़े भर से एक बंडा हाथी डेरा जमाए हुए था, वहीं शुक्रवार रात सोनगरा और बंशीपुर जंगल में विचरण कर रहा 16-17 हाथियों का दल भी मोहनपुर जंगल पहुंच गया। दूसरी ओर चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में 11 हाथियों का दल अलग से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है।
जिले के अलग-अलग वनांचलों में हाथियों की मौजूदगी ने एक बार फिर बड़े खतरे की आशंका खड़ी कर दी है। जानकारी के अनुसार, सूरजपुर वन परिक्षेत्र के मोहनपुर जंगल में पिछले करीब 15 दिनों से एक बंडा हाथी अकेले विचरण कर रहा है। अब शुक्रवार रात सोनगरा और बंशीपुर के जंगलों में डेरा जमाए 16-17 हाथियों का दल भी मोहनपुर जंगल पहुंच गया।
हालांकि बंडा हाथी अभी तक इस दल में शामिल नहीं हुआ है और अकेले ही अपनी अलग राह पर विचरण कर रहा है। शनिवार सुबह इस बंडा हाथी का सुंदरपुर बांध में जलक्रीड़ा करते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर प्रसारित हुआ। बांध में पानी के बीच हाथी की अठखेलियों का वीडियो भले ही लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है, लेकिन आसपास के गांवों के ग्रामीणों के लिए उसकी मौजूदगी किसी बड़े खतरे से कम नहीं है।
मोहनपुर जंगल में बंडा हाथी और 16-17 हाथियों के दल की मौजूदगी का असर आसपास के गांवों में दिखाई देने लगा है। मोहनपुर, हरिपुर, सुंदरगंज, पाठकपुर और चंदरपुर सहित आसपास के गांवों में हाथियों ने किसानों के खेतों में घुसकर गन्ना, धान, आलू और मटर की फसलों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है।
खेतों में महीनों की मेहनत से तैयार की गई फसलें हाथियों के पैरों तले रौंदी जा रही हैं। कहीं गन्ने की फसल टूटकर बिखर रही है तो कहीं धान और सब्जियों के खेत हाथियों के झुंड के निशाने पर हैं। किसानों के सामने एक ओर फसल बचाने की चुनौती है तो दूसरी ओर जान जोखिम में डालकर खेतों की रखवाली करने का डर।
फिर बढ़ी लटोरी-कल्याणपुर के लोगों में चिंता लटोरी-कल्याणपुर इलाके में कबरा कान हाथी की लगातार आवाजाही और उसके हमलों में कई लोगों की मौत के बाद ग्रामीण पहले से ही भय में थे। हाल के दिनों में कबरा कान के रामगढ़ इलाके की ओर चले जाने से ग्रामीणों ने कुछ राहत की सांस ली थी। लेकिन अब मोहनपुर जंगल में बंडा हाथी के साथ 16-17 हाथियों के दल की मौजूदगी ने उनकी चिंता फिर बढ़ा दी है।
ग्रामीणों को आशंका है कि हाथियों का यह दल कभी भी जंगल से निकलकर गांवों और खेतों की ओर रुख कर सकता है। शाम ढलते ही जंगल और खेतों की ओर जाने से लोग बच रहे हैं। जिन किसानों की फसलें खेतों में खड़ी हैं, उनके सामने अपनी आजीविका बचाने के साथ जान सुरक्षित रखने की दोहरी चुनौती है।
बिहारपुर में दो महीने से डेरा, शावक की मौत के बाद 11 बचे सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में भी हाथियों का संकट कम नहीं है। यहां करीब दो महीने से 12 हाथियों का दल लगातार जंगलों में विचरण कर रहा था। लगभग एक सप्ताह पहले गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान के पार्क परिक्षेत्र अंतर्गत जंगल में एक हाथी के शावक का शव मिलने के बाद दल में अब 11 हाथी शेष रह गए हैं।
वर्तमान में यह दल छतरंग के आसपास के जंगलों में मौजूद बताया जा रहा है। लंबे समय से क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के कारण कई किसानों की धान सहित अन्य फसलें प्रभावित हुई हैं। धान की फसल पकने और कटाई के समय हाथियों की आवाजाही ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
मुनादी तक सिमटा बचाव, स्थायी समाधान का इंतजार हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही के बीच वन विभाग प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने, जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दे रहा है। लेकिन सवाल यह है कि जब जिले के अलग-अलग इलाकों में हाथियों के कई दल लगातार डेरा जमाए हुए हैं और पहले ही कई ग्रामीण अपनी जान गंवा चुके हैं, तब केवल सावधानी बरतने की अपील से कितना बचाव संभव है?
हाथियों की सटीक लोकेशन की तत्काल जानकारी, संवेदनशील गांवों में प्रभावी निगरानी और ग्रामीणों तक समय पर सूचना पहुंचाने की व्यवस्था कितनी मजबूत है, यह भी महत्वपूर्ण सवाल है।

