राष्ट्रवाणी (दुर्ग ब्यूरो): लोकगीतों में आज भी कलकत्ता की उम्मीदों और संघर्षों की कहानियां जीवित हैं, जो इसे कई पीढ़ियों की साझा स्मृति बनाती हैं। अनगिनत लोकगीत और लोककथाएं कोलकाता शहर का जीवंत उदाहरण (Image Source: एआई Generated) जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में मालिनी अवस्थी , लखनऊ।
‘लागल झुलनिया के धक्का बलम कलकत्ता पहुंच गए…’ इस लोकप्रिय गीत में समय दर्ज है, इतिहास दर्ज है। हमारे पूर्वजों के लिए कलकत्ता सबसे बड़ा ठिकाना रहा है। गांव हो या शहर, एक समय लोगों के लिए कलकत्ता जाना तीर्थयात्रा पर जाने जैसा ही था।
जैसे गंगा के दर्शन करने जाना, जैसे काशी जाकर जीवन को कोई नई दिशा देना। उसका कारण था। एक समय था जब कलकत्ता देश का सबसे बड़ा व्यापारिक केंद्र था।
रोजगार की तलाश हो, व्यापार की संभावना हो, पढ़ाई-लिखाई का सपना हो या जीवन में कुछ कर गुजरने की आकांक्षा,जिसे भी अपने गांव , कस्बे या छोटे शहर से निकलकर बड़े संसार में अपनी जगह बनानी होती, वह कलकत्ता का रुख करता था। मानो पूरे देश की उम्मीदों का एक सिरा कलकत्ता से जुड़ा हुआ था। दूर दराज गांव में बैठे हर आदमी के लिए कलकत्ता केवल एक शहर नहीं था, वह उम्मीद का नाम था।
वह उमंग थी, उत्साह था, अपने जीवन को बदलने की एक संभावना थी। नौजवानों के लिए कलकत्ता एक ऐसा महानगर था जहाँ मेहनत करने वाले को काम मिल सकता था। किसी को मिल में नौकरी मिल जाती, कोई दुकान पर काम करने लगता, कोई रेलवे में लग जाता, कोई अपना छोटा-मोटा कारोबार शुरू कर देता।
किसी के पास कोई हुनर होता, किसी के पास केवल दो मजबूत हाथ और काम करने की इच्छा। कलकत्ता सबको अपने भीतर जगह देने की क्षमता रखता था। किसी को नौकरी चाहिए तो कलकत्ता जाओ, किसी को व्यापार जमाना है तो कलकत्ता जाओ, किसी को पढ़ना है, कुछ सीखना है, नई दुनिया देखनी है तो कलकत्ता जाओ।
दूर-दराज के गाँवों में बैठे लोगों के लिए कलकत्ता केवल एक शहर नहीं था, वह संभावनाओं का दूसरा नाम था। कलकत्ता एक ऐसा ठौर था जहां पहुंचकर आदमी अपना भाग्य आजमा सकता था। पूर्वांचल, बिहार, अवध, बंगाल, ओडिशा और देश के दूसरे हिस्सों से हजारों लोग रोजगार की तलाश में वहां पहुंचते थे।
किसी के पास एक छोटा-सा बक्सा होता, किसी के पास कपड़े की पोटली, किसी की जेब में कुछ रुपये और मन में अनगिनत सपने। गांव की मिट्टी छोड़कर निकलने वाले हर मेहनतकश को इतना विश्वास अवश्य होता था कि कलकत्ता में मेहनत करने वाले के लिए कोई न कोई रास्ता जरूर निकलेगा। गांव से निकलने वाले इन लोगों के पास बहुत अधिक साधन नहीं होते थे।
एक झोला, दो-चार जोड़ी कपड़े, कुछ रुपये और घरवालों की दुआएं लेकर वे ट्रेन पकड़ लेते थे। पीछे छूट जाता था घर, खेत, खलिहान, मां की आवाज, पत्नी की प्रतीक्षा और बच्चों का बचपन। आगे होता था एक अनजान शहर, अनजाने लोग और एक अनिश्चित भविष्य।
लेकिन इस अनिश्चितता के बीच एक निश्चित विश्वास था—कलकत्ता में कुछ न कुछ हो जाएगा। कलकत्ता की ओर जाती रेलगाड़ियों में बैठे उन अनगिनत लोगों की आंखों में जो सपने थे, उनकी आहट आज भी हमारे लोकगीतों में सुनाई देती है। शायद इसीलिए कलकत्ता का नाम आते ही केवल एक महानगर की तस्वीर नहीं उभरती, बल्कि एक पूरा समय, एक पूरा समाज और कई पीढ़ियों का संघर्ष आंखों के सामने जीवित हो उठता है।
इसके साक्षी हैं अनगिनत लोकगीत व लोककथाएं जिनमें नायिका के पति का कमाई के लिए कलकत्ता जाने का उल्लेख मिलता है: ससुर सुनावे हजार हमारो दिल नाही लगे। भिखारी ठाकुर की अमर कृति बिदेसिया इसी सामाजिक इतिहास का सच्चा प्रमाण है। बेहतर जीवन की तलाश में नायक के कलकत्ता आने की कथा आज भी मन को उद्वेलित करती है।
कलकत्ता उस समय केवल व्यापार का केंद्र नहीं था, बल्कि भारत के आधुनिक जीवन का एक बड़ा प्रवेशद्वार था। अंग्रेजी हुकूमत के दौर में ब्रिटिश भारत की राजधानी होने के कारण इस शहर में प्रशासन, व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सांस्कृतिक गतिविधियों का असाधारण विस्तार हुआ। हुगली नदी के किनारे बसा यह शहर बंदरगाह के माध्यम से देश को दुनिया से जोड़ता था।
जूट की मिलें, कपड़े के कारखाने, चाय का व्यापार, कोयले का कारोबार, बड़े-बड़े गोदाम, बैंक, बीमा कंपनियाँ और विदेशी व्यापारिक प्रतिष्ठान—सबने मिलकर कलकत्ता को एक विशाल आर्थिक केंद्र बना दिया था। हावड़ा का पुल पार करके इस शहर में प्रवेश करने वाले लोगों को लगता था कि वे किसी दूसरी ही दुनिया में आ गए हैं।
कलकत्ता की एक और पहचान थी—उसकी सांस्कृतिक समृद्धि। धर्म, संस्कृति, साहित्य, संगीत, रंगमंच, चित्रकला और पत्रकारिता, हर क्षेत्र में इस शहर ने अपनी विशिष्ट जगह बनाई। बंगाल नवजागरण की चेतना ने आधुनिक भारत के विचार संसार को गहरे प्रभावित किया।
राजा राममोहन राय, ईश्वरचंद्र विद्यासागर, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय, रवींद्रनाथ ठाकुर, शरतचंद्र चट्टोपाध्याय जैसे महान व्यक्तित्वों की वैचारिक और साहित्यिक उपस्थिति ने कलकत्ता को केवल एक महानगर नहीं, बल्कि विचारों की राजधानी बना दिया था। यहाँ पुस्तकें छपती थीं, अखबार निकलते थे, साहित्यिक गोष्ठियाँ होती थीं, नाटक खेले जाते थे और नए विचारों पर बहस होती थी।
यहां की गलियों में व्यापार की चहल-पहल के साथ-साथ ज्ञान और कला की आवाजाही भी थी। शिक्षा के क्षेत्र में भी कलकत्ता का आकर्षण असाधारण था। कलकत्ता विश्वविद्यालय की स्थापना 1857 में हुई।
मेडिकल कॉलेज, प्रेसिडेंसी कॉलेज और दूसरे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों ने देशभर के विद्यार्थियों को अपनी ओर आकर्षित किया। जिन परिवारों में शिक्षा को लेकर नई चेतना जाग रही थी, उनके लिए कलकत्ता एक बड़ा सपना था। गांव के किसी मेधावी लड़के को आगे पढ़ना हो तो परिवार के लोग कहते, इसे कलकत्ता भेजना चाहिए, वहाँ पढ़-लिखकर वह बड़ा आदमी बनेगा, कोई अच्छी नौकरी पाएगा और परिवार का नाम रोशन करेगा और कलकत्ता की उदारता सबको अपने भीतर समेट लेती थी।
कलकत्ता शहर की सबसे बड़ी खूबी शायद यही थी कि इसने कभी किसी से यह नहीं पूछा कि तुम कहाँ से आए हो, तुम्हारी भाषा क्या है, तुम्हारी जाति क्या है, तुम्हारा धर्म क्या है। कलकत्ता ने न जाने कितने लोगों को रोजी दी, कितने परिवारों को सहारा दिया और कितने घरों के चूल्हे जलाए। जिन गांवों में कभी दो वक्त की रोटी जुटाना कठिन था, वहां कलकत्ता से आने वाला मनीऑर्डर परिवार की सबसे बड़ी पूँजी बन जाता था।
इसीलिए कलकत्ता का रिश्ता केवल रोजगार से नहीं बना, वह भावनाओं से भी बना। और भावनाओं की यह ऊष्मा आज भी उसी तरह बरकरार है। समय के साथ रोजगार के केंद्र बदले हैं, नए महानगर विकसित हुए हैं, दुनिया छोटी हुई है, लेकिन कलकत्ता का आकर्षण अपनी जगह बना हुआ है।
आज भी इस शहर में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोग रहते हैं। कोई व्यापार कर रहा है, कोई नौकरी, कोई कला और साहित्य से जुड़ा है, कोई शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय है। शहर ने अपने भीतर अनेक भाषाओं, खानपान, पूजा-पद्धतियों, संगीत और जीवनशैलियों को समेट रखा है।
कलकत्ता की दुर्गापूजा में बंगाल की आत्मा दिखाई देती है तो उसकी गलियों में हिंदी, भोजपुरी, मैथिली और मारवाड़ी बोलियाँ भी सुनाई देती हैं। कहीं कालीघाट की आस्था है, कहीं दक्षिणेश्वर की आध्यात्मिकता, कहीं कॉलेज स्ट्रीट की पुस्तकों की दुनिया, कहीं हावड़ा के पुल पर दौड़ती जिंदगी और कहीं हुगली के किनारे शाम की शांति।
यह शहर विरोधाभासों के साथ जीना जानता है। परंपरा और आधुनिकता, गरीबी और समृद्धि, संघर्ष और उत्सव—सबको अपने भीतर जगह देता है। शायद इसीलिए कलकत्ता आज भी केवल पश्चिम बंगाल की राजधानी नहीं, बल्कि देश के अनेक हिस्सों के लोगों की साझा स्मृतियों का शहर है।
हमारे पुरखों के लिए वह उम्मीद था, हमारे माता-पिता के लिए संघर्ष और उपलब्धि का ठिकाना रहा और आज की पीढ़ी के लिए भी वह एक जीवंत सांस्कृतिक संसार है। यह बंग भूमि पर देवी का ऐसा आशीर्वाद है कि कलकत्ता आकर यहां से जो परदेस गया, वहां भी उसका जीवन खुशहाली से रंग गया। औपनिवेशिक काल में गिरमिटिया के तौर पर विदेश जाने वाले प्रवासियों की साझी स्मृति में कलकत्ता उनका नीड़ है।
इस अद्भुत शहर की आत्मा को अगर कहीं सबसे सच्चे रूप में देखा जा सकता है तो वह है यहां के भद्रलोक और शहर भर में फैली अनौपचारिक बैठकी की परंपरा में। इन अड्डों में कुर्सी खिंची नहीं कि चाय के धुएं के साथ विचारों का कारवां चल पड़ता है। कॉलेज स्ट्रीट के कॉफी हाउस से लेकर पाड़ा की चाय की दुकान तक, हर अड्डा अपने में एक छोटा विश्वविद्यालय है।
भद्रलोक गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की कोई पंक्ति सुनते सुनाते हुए देश-दुनिया की चिंता कर लेता। वह बहस करता है, असहमत होता है, पर कभी किसी को छोटा नहीं समझता। इन बैठकियों में राजनीति खुलती है, साहित्य जन्म लेता है और मनुष्य मनुष्य से जुड़ता है।
इसीलिए कहते हैं कि कलकत्ता में समय काटा नहीं जाता, जिया जाता है। कलकत्ता के मूल चरित्र में सभी को अपनाने की उदारता है। यही उदारता उसे खास बनाती है।
वह अपने पास आने वालों को अपने जैसा बनाने की कोशिश नहीं करता, बल्कि उन्हें उनकी पहचान के साथ अपने भीतर जगह देता है। कलकत्ता एक शहर भर नहीं है। वह उन तमाम लोगों का साझा घर है, जिन्होंने अपनी मिट्टी से दूर जाकर उसमें अपनी मिट्टी की गंध बचाए रखी।
वह उम्मीद है, उमंग है, संघर्ष है और अपनापन भी। शायद इसीलिए आज भी कोई पूछे—कहां जा रहे हो? तो मन के किसी कोने से वही पुराना उत्तर सुनाई देता है—कलकत्ता जा रहे हैं, वहीं कुछ काम खोजेंगे।

