राष्ट्रवाणी: गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर, सेलेब्रिटी शेफ और अभिनेता रणवीर बरार से जानिए लंगर वाली दाल की कहानी, जिसमें घुला सेवा और समर्पण का स्वाद इसे बना देता है दिव्य प्रसाद… ‘दसवंध’ की परंपरा से जुड़ी है लंगर वाली दाल की कहानी (Image Source: एआई-Generated) जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में रणवीर बरार, मुंबई।
गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व पूरी मानवता को प्रेम, समानता और निस्वार्थ सेवा का संदेश देने वाला पावन अवसर है। इस खास दिन पर जब हम गुरुद्वारों की ओर कदम बढ़ाते हैं, तो मन में सबसे पहली छवि लंगर की उभरती है, जहां बिना किसी भेदभाव के हर कोई एक ही पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण करता है।
इस लंगर का सबसे आत्मीय हिस्सा है, ‘लंगर वाली दाल’, जिसे पंजाब में ‘छोले मां दी दाल’ भी कहा जाता है। मुझसे अक्सर लोग पूछते हैं कि रणवीर, गुरुद्वारे के लंगर में जो दाल मिलती है, उसकी असली रेसिपी क्या है? सच कहूं तो मुझे भी इसकी कोई एक तय या सटीक रेसिपी नहीं पता।
और इसकी वजह यह है कि लंगर की दाल की कोई निश्चित रेसिपी होती ही नहीं है। लंगर के सिद्धांत के मुताबिक, वहां किसी भी चीज़ को ग्राम या चम्मच से नाप-तौल कर नहीं पकाया जाता। इस परंपरा की जड़ें ‘दसवंध’ की उस पवित्र प्रथा से जुड़ी हैं, जिसमें गांवों के किसान अपनी फसल का दसवां हिस्सा ईश्वर का मानकर गुरुद्वारे में दान कर दिया करते थे।
कोई चने की दाल लाता, तो कोई साबुत उड़द या मोठ। इन सभी दालों को एक साथ मिलाकर बड़े कड़ाहों में ढेर सारे प्यार और सेवा भाव से पकाया जाता था, और इसी सामूहिक समर्पण से लंगर वाली दाल का जन्म हुआ। इतिहास के पन्नों को पलटें तो लंगर केवल भूख मिटाने की एक सामुदायिक रसोई भर नहीं है, बल्कि यह एक बहुत बड़ी सामाजिक क्रांति का प्रतीक है।
गुरु नानक देव जी द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को तीसरे गुरु, गुरु अमर दास जी ने एक मजबूत संस्था का रूप दिया। उस दौर में जब हमारा समाज जाति और ऊंच-नीच की दीवारों में बंटा हुआ था, लंगर का उद्देश्य उन सभी सामाजिक बेड़ियों को तोड़ना था। ‘पहले पंगत, फिर संगत’ के सिद्धांत के तहत राजा हो या रंक, हर किसी को एक ही जमीन पर बैठकर एक जैसा भोजन करना होता था।
मुझसे यह भी अक्सर पूछा जाता है कि पंजाबी खान-पान में साबुत उड़द (मां की दाल) का इतना इस्तेमाल क्यों होता है? इसके पीछे उत्तर भारत की संस्कृति और विज्ञान दोनों छिपे हैं। जब मैं यह दाल बनाता हूं, तो साबुत उड़द और चने की दाल का मेल इस्तेमाल करता हूं।
चने की दाल जहां इसे गाढ़ापन देती है, वहीं साबुत उड़द इसमें क्रीमी रिचनेस लाती है। उत्तर भारत में हम रोटी अधिक खाते हैं, इसलिए दाल का गाढ़ा होना ज़रूरी है ताकि वह रोटी के निवाले में आसानी से आ सके। इसके अलावा, पारंपरिक रूप से तंदूर का काम खत्म होने के बाद उसकी बची हुई आंच पर इन दालों को रात भर धीमी आंच पर पकाया जाता था, जिससे इनका स्वाद और भी निखर जाता था।
लंगर वाली दाल बनाने की सबसे बड़ी खूबी इसकी सादगी है। लंगर की इस दाल का असली जादू किसी गुप्त सामग्री में नहीं, बल्कि उस निस्वार्थ भावना में है जो सबको एक सूत्र में पिरोती है। यह किसी बड़े रेस्तरां की नफासत भरी डिश नहीं है।
इसलिए जब मैं इसे बनाता हूं, तो प्याज को बहुत बारीक नहीं बल्कि मोटा-मोटा काटता हूं, और अदरक, लहसुन व हरी मिर्च को इमामदस्ते में दरदरा कूटता हूं। देसी घी में जीरे के तड़के के साथ जब ये दरदरे मसाले और टमाटर भुनते हैं, और फिर उबली हुई दाल को इसमें डालकर कम से कम दस मिनट तक धीमी आंच पर उबाला जाता है, तो पूरे घर में सौंधी खुशबू फैल जाती है।
अंत में मैं इसमें केवल ताजे हरे धनिए की पत्तियां डालता हूं।

