राष्ट्रवाणी: दिमाग के घोड़े तेज करने वाले रंग-बिरंगे रूबिक क्यूब की दुनिया आज भी दीवानी है। अब आधे सदी बाद इस आइकानिक पजल का उत्पादन इसके जन्मस्थान हंगरी लौट आया है। हंगरी में नई आटोमेटेड फैक्ट्री शुरू की गई है, जहां रोबोटिक आर्म्स हर साल 10 लाख क्यूब्स तैयार करेंगी।
रूबिक क्यूब की इस घरवापसी पर आलेख… आज भी बच्चों से लेकर बड़ों तक को है रूबिक क्यूब का क्रेज (Image Source: एआई-Generated) जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में आरती तिवारी , नोएडा। क्या आपने कभी रूबिक क्यूब के उन छह रंगों को एक साथ मिलाने की कोशिश करते-करते हार मानी है, या फिर आप उन जीनियस लोगों में से हैं जो इसे चुटकियों में हल कर लेते हैं?
वजह चाहे जो भी हो, इस रंग-बिरंगी पहेली ने दशकों से हर उम्र के लोगों का दिमाग घुमा रखा है। अब इस आइकानिक पजल से जुड़ी एक बड़ी खबर आई है- 50 करोड़ से ज्यादा यूनिट्स बिकने के बाद रूबिक क्यूब का उत्पादन एक बार फिर इसके जन्मस्थान हंगरी लौट आया है! दुनिया की सबसे लोकप्रिय पहेली रूबिक क्यूब का उत्पादन एक बार फिर इसके जन्मस्थान में शुरू हो गया है।
82 वर्षीय आविष्कारक एर्नो रूबिक ने हंगरी के जासबेरेनी शहर में एक नई, पूरी तरह से आटोमेटेड प्रोडक्शन लाइन का उद्घाटन किया है, जहां रोबोटिक आर्म्स की मदद से हर साल 10 लाख क्यूब बनाए जाएंगे। पहले जहां इन्हें हाथों से जोड़कर बनाया जाता था, वहीं अब हाई-टेक रोबोटिक आर्म्स हर साल 10 लाख क्यूब तैयार करेंगे और उनकी मजबूती की जांच भी करेंगे।
रूबिक क्यूब के ट्रेडमार्क की मालिक कंपनी स्पिन मास्टर ने इसे अपनी जड़ों की ओर वापसी बताया है। हंगरी के बुडापेस्ट में आर्किटेक्चर और डिजाइन के प्रोफेसर एर्नो रूबिक अपने विद्यार्थियों को थ्रीडी ज्योमेट्री समझाने के लिए कुछ अनोखा बनाना चाहते थे। उन्होंने लकड़ी के 27 छोटे ब्लाकों को जोड़कर ऐसा क्यूब बनाया, जो हर दिशा में घूम सकता था।
जब उन्होंने पहली बार इसके रंगों को घुमाकर बिगाड़ा, तो उन्हें खुद इसे वापस ठीक करने में पूरा एक महीना लग गया। 1977 में इसे मैजिक क्यूब के नाम से बाजार में उतारा गया। बिक्री शुरू होते ही देखते-देखते यह पहेली इतनी लोकप्रिय हो गई कि हंगरी की फैक्ट्रियां दुनियाभर की मांग पूरी नहीं कर पा रहीं थीं।
हंगरी में कच्चे माल की कमी और बढ़ती वैश्विक मांग के कारण इसका उत्पादन विदेश (ब्रिटेन और अमेरिका) ले जाना पड़ा। उस दशक में इसकी लोकप्रियता चरम पर पहुंची। दुनिया भर में अब तक 50 करोड़ से अधिक आधिकारिक रूबिक क्यूब बेचे जा चुके हैं।
रूबिक क्यूब सिर्फ एक खिलौना या टाइमपास नहीं है, बल्कि इसे दिमाग की बेहतरीन एक्सरसाइज माना जाता है। क्यूब साल्व करते समय पूरा ध्यान रंगों के कांबीनेशन और अपनी अगली चाल पर रखना होता है। इससे फोकस और एकाग्रता की क्षमता तेजी से सुधरती है, जो पढ़ाई में भी बहुत काम आती है।
यह आपके अंदर किसी भी समस्या को सुलझाने की तार्किक क्षमता को मजबूत करता है। जब आप तेजी से क्यूब की परतों को घुमाते हैं, तो आपकी अंगुलियों की मूवमेंट और आंखों के बीच का तालमेल बेहतरीन होता है। इससे मोटर स्किल्स बेहतर होती हैं।
बार-बार कोशिश करने और हार न मानने की जिद से बच्चों और युवाओं में धैर्य और सहनशीलता का गुण विकसित होता है। अब कई शेप में रूबिक क्यूब मार्केट में आ गए हैं। इन शेप में ट्राइएंगल, ऐपल, हेक्सगान, स्क्वेर, रेक्टेंगल आदि हैं।
इन्हें ट्विस्ट पजल के नाम से जाना जाता है क्योंकि इन्हें मोड़-मोड़कर साल्व किया जाता है। छह एक जैसी लेयर वाले ट्विस्ट पजल को रूबिक क्यूब कहते हैं बाकी को ट्विस्ट पजल कहना ज्यादा सही रहेगा। अहमदाबाद के मनीष राठौर पजल डिजाइनर हैं, जिन्होंने कई नए स्टाइल में ट्विस्ट पजल बनाए हैं।
इनमें घोस्ट (आकार बदलना) और तिरछे (मुड़े हुए कोने) से लेकर डोडेकहीड्रन (12 साइड जिसमें घुमाने के लिए 50 पीस हैं), आइकोसहीड्रन (20 ट्राइएंगल और घुमाने के लिए 80 पीस) आदि शामिल हैं। आज के दौर में टीनएजर्स ज्यादातर समय मोबाइल और इंटरनेट मीडिया पर बिताते हैं। रूबिक क्यूब ऐसा आफलाइन गेम है, जो बिना किसी स्क्रीन के आपके दिमाग को चुस्त-दुरुस्त रखता है और डिजिटल डिटाक्स में मदद करता है।
आज के डिजिटल दौर में भी रूबिक क्यूब का जादू कम नहीं हुआ है। दुनिया भर में होने वाली स्पीड-क्यूबिंग प्रतियोगिताओं ने इसे युवाओं के बीच फिर से ट्रेंड में ला दिया है। वर्ल्ड क्यूब एसोसिएशन के अनुसार, इसे हल करने का मौजूदा विश्व रिकार्ड सिर्फ 2.51 सेकंड का है, जिसे चीन के महज नौ साल के बच्चे जुआनी गेंग ने बनाया है!
यानी जितनी देर में आप पलक झपकाते हैं, उतनी देर में ये जीनियस सारे रंग मिला देते हैं।

