राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): न्यूज, बालोद: जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पुरूर थाना क्षेत्र में आधी रात एक चलते 14 चक्का ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों में घिर गया और कुछ ही देर में जलकर खाक हो गया।
गनीमत रही कि ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना पुरूर स्थित बिजली कार्यालय के सामने की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक सीजी-04-क्यूएच-9770 कच्चा लोहा भरकर नारायणपुर से रायपुर की ओर जा रहा था।
इसी दौरान रात करीब 1:15 बजे अचानक ट्रक से धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। खतरे को भांपते हुए चालक ने तत्काल ट्रक से छलांग लगा दी।
देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलने पर करीब आधे घंटे बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। ट्रक नारायणपुर जिले के निवासी रामानंद यादव का बताया जा रहा है।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुरूर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

