राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। इंजीनियरिंग में प्रवेश की तैयारी कर रहे छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के सामने अप्रैल 2027 में दोहरी परीक्षा की बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है। एक ओर 12वीं बोर्ड परीक्षा का दबाव रहेगा, तो दूसरी ओर जेईई मेन के दूसरे सत्र में बेहतर स्कोर करने की तैयारी करनी होगी।
दोनों परीक्षाओं के संभावित कार्यक्रम में अंतर बेहद कम होने और कई तारीखों पर टकराव की आशंका ने विद्यार्थियों की चिंता बढ़ा दी है। अब छात्र चाहते हैं कि परीक्षा आयोजित करने वाला छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल नया कार्यक्रम तय करे, ताकि दोनों में से किसी एक परीक्षा को चुनने या नुकसान उठाने की मजबूरी न रहे।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के कार्यक्रम के अनुसार, 12वीं बोर्ड की परीक्षा 12 मार्च से 8 अप्रैल तक निर्धारित है। वहीं, जेईई मेन 2027 के दूसरे सत्र की परीक्षा 2 से 7 अप्रैल के बीच संभावित बताई जा रही है। इस हिसाब से अप्रैल का पहला सप्ताह इंजीनियरिंग के अभ्यर्थियों के लिए बेहद कठिन होने वाला है।
संभावित कार्यक्रम के अनुसार, तीन अप्रैल को जेईई मेन और बोर्ड परीक्षा की तारीख एक ही दिन पड़ सकती है। इसके अलावा पांच अप्रैल को भौतिकी, छह अप्रैल को कुछ व्यावसायिक विषयों और सात अप्रैल को क्षेत्रीय भाषाओं की बोर्ड परीक्षा निर्धारित बताई जा रही है। ऐसे में जिन विद्यार्थियों की परीक्षा की तारीखें सीधे टकराएंगी, उनके सामने गंभीर असमंजस की स्थिति बन सकती है।
हालांकि जेईई मेन का आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। विद्यार्थियों की परेशानी केवल एक ही दिन दो परीक्षाएं होने तक सीमित नहीं है। 12वीं बोर्ड में अच्छे अंक हासिल करना भी उनके लिए जरूरी है और जेईई मेन में बेहतर रैंक लाने के लिए निरंतर अभ्यास करना पड़ता है।
गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान जैसे विषय दोनों परीक्षाओं के लिए अहम हैं, लेकिन उनके प्रश्नों का स्वरूप और तैयारी का तरीका बिल्कुल अलग होता है। बोर्ड परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को एक पेपर देने के तुरंत बाद अगले विषय की तैयारी में जुटना पड़ता है। ऐसे में जेईई के लिए मॉक टेस्ट, प्रश्नों का अभ्यास और कमजोर टॉपिक का रिवीजन प्रभावित होगा, वहीं जेईई का पेपर देने के बाद बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा।

