राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। नवंबर के आखिरी दिनों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सुबह की शुरुआत धुंध और नमी के साथ हो रही है, जिससे दृश्यता प्रभावित होने के कारण यातायात पर व्यापक असर पड़ा है।
रायपुर में कम दृश्यता के चलते जहां यात्री ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित की जा रही है, वहीं कई उड़ानें भी देरी से पहुंचीं। उधर, कम दबाव के क्षेत्र के असर से जशपुर सहित कुछ अन्य जिलों में बारिश भी हुई है। नवंबर के आखिरी दिनों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है।
सुबह की शुरुआत धुंध और नमी के बीच हो रही है तो दिनभर बादलों की आवाजाही से धूप का असर भी कमजोर पड़ रहा है। हवा की रफ्तार थमने और वातावरण में नमी बढ़ने से सुबह दृश्यता प्रभावित हो रही है। रविवार सुबह रायपुर में सापेक्ष आर्द्रता 98 प्रतिशत तक पहुंच गई।
मौसम के इस बदलाव का असर यातायात पर भी दिखने लगा है। धुंध और कम दृश्यता के कारण रायपुर से गुजरने वाली यात्री ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित की जा रही है। वहीं मुबई से रायपुर व दिल्ली से रायपुर पहुंचने वाली कई उड़ानें भी 30 से 45 मिनट तक देरी से पहुंचीं।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। यानी दिन में तापमान सामान्य से नीचे है, लेकिन रात में अभी ठंड का असर अपेक्षाकृत कम है।
सुबह 8:30 बजे वातावरण में नमी 98 प्रतिशत और शाम 5:30 बजे 80 प्रतिशत दर्ज की गई। आसमान में औसतन 60 प्रतिशत बादल रहे, जबकि हवा की औसत रफ्तार महज एक किलोमीटर प्रति घंटा रही। हवा की कम रफ्तार और अधिक नमी के कारण सुबह धुंध का असर बढ़ रहा है।
धुंध और दृश्यता में उतार-चढ़ाव का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। रायपुर पहुंचने वाली कई उड़ानें निर्धारित समय से करीब 30 से 45 मिनट तक देरी से पहुंचीं। सुबह के समय वातावरण में नमी अधिक रहने और दृश्यता प्रभावित होने से विमान परिचालन में सावधानी बरतनी पड़ रही है।
यात्रियों को भी उड़ानों के समय में बदलाव के कारण इंतजार करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
रायपुर में सोमवार को आकाश आंशिक मेघमय रहने और अधिकतम तापमान 29 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी हुई है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।

