राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): राज्य ब्यूरो, , रायपुर। प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की रफ्तार तेज होने लगी है। खरीदी शुरू होने के नौ दिनों में ही 70 हजार से अधिक किसान अपनी उपज बेच चुके हैं।
प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हुई है। 23 नवंबर तक 2,78,010 टन धान की खरीदी हो चुकी है। 23 नवंबर को एक ही दिन में 63,074 टन धान खरीदा गया।
प्रदेश में इस खरीफ सीजन के लिए 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। किसानों की सुविधा के लिए इस बार 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। प्रदेश में कुल 2,461 केंद्रों के माध्यम से खरीदी की जा रही है।
सरकार का दावा है कि नए केंद्र खुलने से किसानों को धान बेचने के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और उपार्जन केंद्रों में भीड़ का दबाव कम होगा। धान खरीदी में ऑनलाइन टोकन व्यवस्था का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। अब तक किसानों को पांच लाख से अधिक टोकन जारी किए जा चुके हैं।
इसके माध्यम से किसान घर बैठे धान बेचने की तारीख तय कर सकते हैं। इससे केंद्रों में अनावश्यक भीड़ और इंतजार कम करने की कोशिश की जा रही है। उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है।
यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान भी बेचता है, तो शेष छह क्विंटल के बराबर की आदान सहायता राशि भी उसे प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों में बारदाना, तौल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने का दावा किया है।
पूरा धान खरीदने गंभीर नहीं सरकार- सुरेंद्र वर्मा धान खरीदी में रकबा कटौती, पंजीयन और टोकन संबंधी समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार किसानों का पूरा धान खरीदने के प्रति गंभीर नहीं है।
किसानों की समस्याओं के निराकरण और शिकायतें दर्ज करने के लिए कांग्रेस ने राजीव भवन में प्रदेश स्तरीय कंट्रोल रूम शुरू किया है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 0771-4500780 जारी किया गया है। 3100 धान उपार्जन केंद्रों पर 10 सदस्यीय निगरानी एवं किसान सहयोग समिति भी बनाएगी।
उन्होंने रकबा कटौती, एग्रीस्टैक पोर्टल की खामियों और बारदाने की कमी का मुद्दा उठाते हुए विशेष शिविर लगाने और धान का तत्काल उठाव सुनिश्चित करने की मांग की है।

