राष्ट्रवाणी: ट्रंप-जिनपिंग की मुलाकात का दिखा असर, चीन ने बोइंग को दिया 50 विमानों का ऑर्डरट्रंप-जिनपिंग की मुलाकात का दिखा असर, चीन ने बोइंग को दिया 50 विमानों का बड़ा ऑर्डरWritten by:Agency:Last Updated:November 25, 2026, 08:10 ISTचीन की शियामेन एयरलाइंस ने अमेरिकी विमान निर्माता बोइंग से 50 नए 737 मैक्स 8 विमान खरीदने का समझौता किया है. इन विमानों की सूची कीमत करीब 7.4 अरब डॉलर है. डिलीवरी 2031 से 2034 के बीच होगी. करीब एक दशक में चीन से मिला यह बोइंग का सबसे बड़ा विमान ऑर्डर है.बोइंग से 50 प्लेन खरीदेगा चीन. Reutersअमेरिका और चीन के बीच लंबे समय से चल रहे व्यापारिक तनाव के बीच एक बड़ी विमान डील हुई है. चीन की एयरलाइन कंपनी शियामेन एयरलाइंस ने अमेरिकी विमान निर्माता कंपनी बोइंग से 50 नए विमान खरीदने का समझौता किया है. इन विमानों की कीमत करीब 7.4 अरब डॉलर बताई गई है. करीब एक दशक में चीन की ओर से बोइंग को मिला यह सबसे बड़ा विमान ऑर्डर माना जा रहा है. चाइना सदर्न एयरलाइंस ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसकी सहयोगी कंपनी शियामेन एयरलाइंस 50 बोइंग 737 मैक्स 8 विमान खरीदेगी. इन विमानों की डिलीवरी 2031 से 2034 के बीच अलग-अलग चरणों में होगी. हालांकि, इस सौदे को कंपनी के शेयरधारकों और चीन सरकार के संबंधित विभागों से मंजूरी मिलना अभी बाकी है. इस डील का ऐलान ऐसे समय में हो रहा है, जब हाल ही में ट्रंप चीन की यात्रा से लौटे हैं. ट्रंप-जिनपिंग की मुलाकात के बाद बढ़ी बोइंग की उम्मीद यह सौदा ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक रिश्तों को सुधारने की कोशिशें चल रही हैं. मई में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बीजिंग में हुई मुलाकात के दौरान चीन ने बोइंग से 200 विमान खरीदने की प्रतिबद्धता जताई थी. वित्तीय कंपनी जेफरीज ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि शियामेन एयरलाइंस का यह ऑर्डर उस 200 विमानों का पहला पक्का सौदा हो सकता है. हालांकि, चीन ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि 50 विमानों का यह ऑर्डर उसी समझौते का हिस्सा है या नहीं. ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि उन्हें लगता है कि चीन बोइंग से 250 और विमान खरीद सकता है. इससे पहले मई में उन्होंने अनुमान लगाया था कि चीन का ऑर्डर बढ़कर 750 विमानों तक पहुंच सकता है. हालांकि, चीन की तरफ से इन अतिरिक्त खरीद की पुष्टि नहीं की गई है. 2017 के बाद बोइंग को नहीं मिला था बड़ा ऑर्डर अमेरिकी विमान निर्माता बोइंग के लिए यह सौदा काफी अहम है. अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव के चलते 2017 के बाद से बोइंग को चीन से नए विमानों के बड़े ऑर्डर नहीं मिल रहे थे. हालांकि, कंपनी पहले दिए गए ऑर्डर के तहत विमानों की डिलीवरी करती रही है. चीन दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा विमानन बाजार है. बोइंग और यूरोपीय कंपनी एयरबस का अनुमान है कि 2045 तक चीन को करीब 9,000 नए विमानों की जरूरत होगी. किसी भी दूसरे क्षेत्र के मुकाबले यह सबसे बड़ी मांग होगी. ऐसे में चीन का बाजार दोनों विमान निर्माता कंपनियों के लिए बेहद अहम है. शियामेन एयरलाइंस का बदलेगा विमान बेड़ा Advertisementशियामेन एयरलाइंस लंबे समय तक सिर्फ बोइंग के विमानों का इस्तेमाल करती रही है. लेकिन 2023 की शुरुआत में उसने पहली बार एयरबस का A321neo विमान अपने बेड़े में शामिल किया था. यह विमान लीज पर लिया गया था. इस साल अप्रैल में चाइना सदर्न एयरलाइंस और शियामेन एयरलाइंस ने मिलकर एयरबस के A320neo परिवार के 137 विमान खरीदने पर भी सहमति जताई थी. चाइना सदर्न के मुताबिक, बोइंग के 50 नए विमान शियामेन एयरलाइंस को नए शियामेन शियांगआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ी संभावनाओं का फायदा उठाने में मदद करेंगे.About the AuthorYogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए करें।
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए देखें.First Published :November 25, 2026, 08:10 ISTऔर पढ़ें

