राष्ट्रवाणी: बोटिंग, मॉल रोड, खूबसूरत वादियां…सर्दियों में कपल्स के लिए खास बनेगा नैनीतालशादी के बाद घूमने का बना रहे हैं प्लान? सर्दियों में नैनीताल में मिलेगा रोमांस और खूबसूरत वादियों का साथReported by:Edited by:Agency:Last Updated:November 25, 2026, 06:08 ISTसर्दियों की दस्तक के साथ उत्तराखंड के नैनीताल में एक बार फिर कपल सीजन शुरू होने की उम्मीद है. हनीमून और शादी की सालगिरह मनाने के लिए बड़ी संख्या में जोड़े यहां पहुंच सकते हैं. होटल कारोबारियों ने पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए तीन रात और चार दिन से लेकर चार रात और तीन दिन तक के विशेष पैकेज तैयार किए हैं. 1990 के दशक से नैनीताल में कपल सीजन की परंपरा रही है. इस बार होटल संचालकों और नाव मालिकों को आगामी दो से तीन महीनों में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है. नैनीताल: उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में सर्दियों की दस्तक के साथ ही पर्यटन कारोबारियों की उम्मीदें भी बढ़ने लगी हैं. सुबह और शाम की ठिठुरन, धुंध से ढकी पहाड़ियां, ठंडी हवाएं और नैनीझील का खूबसूरत नजारा सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करने लगा है. खास बात यह है कि सर्दियों के साथ ही नैनीताल में एक बार फिर पारंपरिक कपल सीजन शुरू होने की उम्मीद है. इसे देखते हुए होटल कारोबारियों ने भी पर्यटकों के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं. होटल संचालक हनीमून कपल्स और शादीशुदा जोड़ों को आकर्षित करने के लिए विशेष पैकेज और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दे रहे हैं. दरअसल, नैनीताल लंबे समय से हनीमून कपल्स की पसंदीदा जगहों में शामिल रहा है. यहां की खूबसूरत वादियां, झील में नौकायन, मॉल रोड की रौनक और पहाड़ियों के बीच बिताए गए यादगार पल पर्यटकों की यात्रा को खास बना देते हैं. सर्दियों में यहां का शांत वातावरण उन जोड़ों को भी आकर्षित करता है, जो भीड़भाड़ से दूर कुछ समय एक-दूसरे के साथ बिताना चाहते हैं. कपल्स की पहली पसंद है नैनीताल नैनीताल घूमने पहुंचे पर्यटक गुरदीप सिंह अपनी पत्नी के साथ शादी की सालगिरह मनाने यहां पहुंचे. उन्होंने बताया कि नैनीताल की खूबसूरती उन्हें काफी पसंद आई है. यहां के प्राकृतिक नजारे और शांत वातावरण किसी भी कपल के लिए शानदार अनुभव हैं. उन्होंने बताया कि जब उनके माता-पिता की शादी हुई थी, तब वे भी नैनीताल घूमने आए थे. इसी वजह से उनके लिए यह शहर खास यादों से भी जुड़ा हुआ है. गुरदीप सिंह का कहना है कि शादीशुदा जोड़ों को एक बार नैनीताल जरूर आना चाहिए. यहां बोटिंग करने के साथ आसपास के खूबसूरत पर्यटन स्थलों को भी देखा जा सकता है. शहर के आसपास कई छोटे-छोटे पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जहां कपल्स सुकून के पल बिता सकते हैं. Advertisement90 के दशक से रही है कपल सीजन की परंपरा नैनीताल में कपल सीजन का इतिहास काफी पुराना रहा है. नैनीताल नाव मालिक समिति के सचिव नरेंद्र सिंह चौहान बताते हैं कि 1990 के दशक में दशहरे के बाद यहां बंगाली सीजन शुरू होता था. इसके बाद शादी-ब्याह का लग्न शुरू होने पर बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़े नैनीताल पहुंचते थे. उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 से 2007 के बीच नैनीताल में कपल्स की काफी अच्छी संख्या देखने को मिलती थी. उस दौर में नाव चालक भी कपल सीजन को लेकर पहले से तैयारियां करते थे और अपनी नावों को विशेष रूप से तैयार रखते थे. उन्होंने बताया कि यह सीजन करीब दो से तीन महीने तक चलता था. इस दौरान बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़े नैनीताल पहुंचकर झील में नौकायन और शहर की खूबसूरत वादियों का आनंद लेते थे. हनीमून कपल्स के लिए होटल दे रहे खास पैकेज नैनीताल होटल एसोसिएशन के सचिव वेद साह के मुताबिक, हनीमून कपल्स के बीच नैनीताल का खास क्रेज रहा है. इस समय शहर का मौसम भी पर्यटकों के घूमने के लिहाज से काफी अच्छा है. हालांकि, पिछले कुछ वर्षों की तुलना में कपल्स की संख्या में कमी देखने को मिली है, लेकिन होटल कारोबारियों को आगामी सीजन से काफी उम्मीदें हैं. उन्होंने बताया कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए शहर के होटलों ने अलग-अलग तरह के पैकेज तैयार किए हैं. इनमें तीन रात और चार दिन के साथ चार रात और तीन दिन तक के पैकेज शामिल हैं. पर्यटकों की जरूरत और बजट के अनुसार अलग-अलग विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इन पैकेजों को देखकर पर्यटक भी आकर्षित हो रहे हैं. सर्दियों में नैनीताल की खूबसूरती बनेगी कपल्स के लिए खास आकर्षण नैनीताल में सर्दियों का मौसम कपल्स के लिए कई खूबसूरत अनुभव लेकर आता है. झील किनारे सैर, मॉल रोड पर घूमना, बोटिंग, पहाड़ियों से सूर्योदय और सूर्यास्त का नजारा देखना पर्यटकों को खास अनुभव देता है. इसके अलावा भीमताल, नौकुचियाताल, भवाली और आसपास के अन्य पर्यटन स्थलों की सैर भी यात्रा को यादगार बना सकती है. अब होटल कारोबारियों से लेकर नाव संचालकों तक को उम्मीद है कि आने वाले दो से तीन महीनों में नैनीताल में कपल्स की आवाजाही बढ़ेगी. यदि इस बार पर्यटकों की संख्या में इजाफा होता है, तो इससे होटल, नौकायन और स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी फायदा मिल सकता है.About the Authorविवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए ✅देखें.Location :Nainital,Nainital,Uttarakhand First Published :November 25, 2026, 06:08 ISTऔर पढ़ें
Trending
- झारखंड विधानसभा ने एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया, इसे केंद्र को भेजा जाएगा – भारतीय पीएसयू
- पहली बार बीएसपी के ठेका श्रमिकों के लिए होगा श्रम स्पर्धा-2026 का आयोजन
- ₹11,700 करोड़ की सरकारी सहायता, फिर भी आरआईएनएल कर्मचारियों को वेतन में कटौती और विलंबित बकाया का सामना करना पड़ता है – भारतीय पीएसयू
- AITUC के 43वें राष्ट्रीय सम्मेलन में संविधान दिवस मनाया गया; 1,400 प्रतिनिधियों ने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने की शपथ ली – भारतीय पीएसयू
- छत्तीसगढ़ सचिवालय सेवा के तीन उप सचिवों के विभाग बदले, रोमेश गंगाकचूर को धार्मिक न्यास विभाग की जिम्मेदारी – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में 10 नगर निगमों का बढ़ेगा दायरा, अब गांव बनेंगे शहर; नगरीय प्रशासन ने मांगा ब्योरा – राष्ट्रवाणी
- मकान और जमीन की रजिस्ट्री के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, अब ‘धरोहर’ पोर्टल से होंगे सब काम – राष्ट्रवाणी
- अंधेरे में खड़े ट्रक में जा घुसी बाइक, मुड़ गया लोहे का एंगल, युवक ने तोड़ा दम साथी सिम्स रेफर – राष्ट्रवाणी

