राष्ट्रवाणी: Jhunjhunu: चिट्ठियों से पार्सल तक डाक विभाग का सफर, 49 फर्मों से जुड़ा कारोबारJhunjhunu Postal Service: चिट्ठियों वाला डाक विभाग बना कारोबारियों का सहारा, 49 फर्में हर महीने भेज रहीं 8 हजार पार्सलReported by:Edited by:Agency:Last Updated:November 25, 2026, 06:19 ISTJhunjhunu Postal Parcel Service: चिट्ठियों और मनीऑर्डर के दौर से आगे बढ़ते हुए डाक विभाग अब झुंझुनूं के कारोबारियों को देशभर के ग्राहकों से जोड़ रहा है. जिले की 49 फर्में अनुबंधित पार्सल सेवा से जुड़कर हर महीने करीब 7 से 8 हजार पार्सल भेज रही हैं, जिससे विभाग को 7 से 10 लाख रुपए मासिक राजस्व मिल रहा है. दवा, हेल्थकेयर, बुटिक कपड़े, साइकिल और हैंडीक्राफ्ट के व्यापारी रियायती दरों पर कम खर्च में सामान भेज पा रहे हैं, जिसके लिए प्रधान डाकघर झुंझुनूं में अनुबंध प्रक्रिया पूरी करनी होती है. Jhunjhunu: एक समय था जब डाकिया घर-घर चिट्ठियां और मनीऑर्डर पहुंचाने के लिए जाना जाता था. लोगों को अपनों से जोड़ने वाला डाक विभाग अब कारोबारियों को देशभर के ग्राहकों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है. बदलती जरूरतों के साथ डाक विभाग ने अपनी सेवाओं का विस्तार किया है और इसका मजबूत नेटवर्क छोटे-बड़े व्यापारियों के लिए कारोबार बढ़ाने का नया जरिया साबित हो रहा है. झुंझुनूं जिले में डाक विभाग की अनुबंधित पार्सल सेवा को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है, जहां 49 फर्में जुड़कर हर महीने करीब 7 से 8 हजार पार्सल देश के अलग-अलग शहरों और राज्यों में भेज रही हैं. इस बदलाव की खास बात यह है कि अपने उत्पादों को दूसरे शहरों तक भेजने के लिए अब व्यापारियों को बड़े परिवहन नेटवर्क या महंगी निजी कूरियर सेवाओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है. डाक विभाग का विस्तृत नेटवर्क उनके लिए आसान और भरोसेमंद विकल्प बन रहा है. इसके जरिए आयुर्वेदिक दवाइयों से लेकर हेल्थकेयर उत्पाद, कपड़े, साइकिल और हैंडीक्राफ्ट तक की सप्लाई देशभर में हो रही है. इससे जिले के कारोबारियों को नए ग्राहक मिल रहे हैं और स्थानीय व्यापार का दायरा लगातार बढ़ रहा है. दवा और हेल्थकेयर कारोबार से सबसे ज्यादा मजबूती झुंझुनूं जिले में डाक विभाग की पार्सल सेवा को आगे बढ़ाने में दवा और हेल्थकेयर कारोबार से जुड़ी फर्मों की बड़ी भूमिका है. झुंझुनूं और चिड़ावा की दो प्रमुख फर्में ही हर महीने करीब 5600 पार्सल देशभर में भेज रही हैं. झुंझुनूं की एक दवा फर्म हर महीने करीब चार हजार पार्सल ग्राहकों तक पहुंचाती है, जिससे डाक विभाग को लगभग चार से पांच लाख रुपए का मासिक राजस्व मिलता है. वहीं चिड़ावा की एक हेल्थकेयर फर्म हर महीने लगभग 1600 पार्सल भेज रही है, जिससे विभाग को करीब 80 हजार रुपए की मासिक आय प्राप्त हो रही है. बुटिक कपड़ों से साइकिल और हैंडीक्राफ्ट तक विस्तार डाक विभाग की यह अनुबंधित पार्सल सेवा अब केवल दवा और हेल्थकेयर तक सीमित नहीं रही है. जिले के 12 बुटिक संचालक भी इस सुविधा से जुड़कर अपने तैयार कपड़े और अन्य उत्पाद देश के अलग-अलग हिस्सों में भेज रहे हैं. इसके अलावा साइकिल कारोबारी और हैंडीक्राफ्ट से जुड़े व्यापारी भी इस सेवा का लाभ उठा रहे हैं. खासकर छोटे कारोबारियों के लिए यह व्यवस्था काफी उपयोगी साबित हो रही है, क्योंकि उन्हें अलग से परिवहन व्यवस्था तलाशने की जरूरत नहीं पड़ती और उनका सामान दूर बैठे ग्राहकों तक आसानी से पहुंच रहा है. Advertisementरियायती दरों से बढ़ा व्यापार और विभाग का राजस्व अनुबंधित फर्मों को मिलने वाली रियायती दरें इस सेवा की प्रमुख खासियत हैं. सामान्य पार्सल दरों की तुलना में कम खर्च पर सामान भेजने की सुविधा मिलने से व्यापारियों का परिवहन खर्च घट रहा है और कारोबार को गति मिल रही है. जिले की 49 फर्मों के जरिए हर महीने सात से आठ हजार पार्सल भेजे जाने से डाक विभाग को करीब सात से दस लाख रुपए तक का मासिक राजस्व प्राप्त हो रहा है. इससे एक तरफ व्यापारियों को देशभर में बाजार मिल रहा है और दूसरी तरफ डाक विभाग की आय में भी इजाफा हो रहा है. प्रधान डाकघर में पूरी करनी होती है अनुबंध प्रक्रिया डाक विभाग की इस सुविधा का लाभ लेने के लिए किसी भी फर्म, दुकानदार, कंपनी या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से उत्पाद बेचने वाले व्यवसायी को प्रधान डाकघर झुंझुनूं में निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होती है. आवश्यक पहचान और कर दस्तावेजों के आधार पर अनुबंध किया जा सकता है, जिसके बाद व्यापारी रियायती दरों पर देशभर में अपने उत्पाद भेज सकते हैं. चिट्ठियों और संदेशों से शुरू हुआ डाक विभाग का यह सफर अब झुंझुनूं के कारोबार को नई उड़ान और देशभर में पहचान दिलाने का माध्यम बन रहा है.About the AuthorVicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with News18 Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए करें।
राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए |Location :Jhunjhunu,Jhunjhunu,RajasthanFirst Published :November 25, 2026, 06:19 ISTऔर पढ़ें

