राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): राज्य ब्यूरो, , रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में रायपुर की विशेष पीएमएलए (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) कोर्ट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुबई में छिपे फरार आरोपी अनिल अग्रवाल और विकास आहूजा के खिलाफ प्रत्यर्पण का आदेश जारी किया है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इन दोनों आरोपियों को पहले ही भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया है, जिसके बाद अब इन्हें दुबई से भारत लाने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। दूसरी तरफ, इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शुभम सोनी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में धारा 88 के तहत बॉन्ड का आवेदन पेश किया है, जिस पर आज विशेष कोर्ट में सुनवाई होनी है।
गिरफ्तारी की तलवार लटकने के बाद शुभम सोनी ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से विशेष पीएमएलए कोर्ट में बॉन्ड आवेदन प्रस्तुत कर राहत की गुहार लगाई है। आवेदन में शुभम ने कोर्ट की सभी आगामी पेशियों में नियमित रूप से उपस्थित रहने और जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग करने की अपील की है। गौरतलब है कि रायपुर की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने शुभम सोनी के खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कर रखा है।
ऐसे में कोर्ट का रुख उसके आवेदन पर क्या रहता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े एक अन्य फरार आरोपी धीरज आहूजा ने भी कानूनी शिकंजे से बचने के लिए विशेष अदालत का दरवाजा खटखटाया है। धीरज की ओर से रायपुर की विशेष पीएमएलए कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की गई है।
शुभम सोनी के बॉन्ड आवेदन के साथ-साथ धीरज आहूजा की अग्रिम जमानत याचिका पर भी आज विशेष न्यायाधीश की अदालत में सुनवाई निर्धारित है। ईडी की ओर से लगातार की जा रही कानूनी घेराबंदी और विशेष अदालत के सख्त रुख से सट्टा सिंडिकेट के फरार सदस्यों में खलबली मची हुई है। अनिल अग्रवाल और विकास आहूजा के खिलाफ प्रत्यर्पण आदेश जारी होना जांच एजेंसी के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
अब आज होने वाली सुनवाई में कोर्ट शुभम सोनी के बॉन्ड और धीरज आहूजा की अग्रिम जमानत पर क्या फैसला सुनाता है, यह मामले की आगे की दिशा तय करेगा।

