राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): राज्य ब्यूरो, , रायपुर। करियर में ठहराव और प्रमोशन में लगातार हो रही देरी के विरोध में देशभर के सेंट्रल जीएसटी (सीजीएसटी) सुपरिटेंडेंट्स ने राष्ट्रव्यापी ब्लैक बैज आंदोलन शुरू कर दिया है। ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ सेंट्रल टैक्स गजेटेड एग्जीक्यूटिव ऑफिसर्स के नेतृत्व में रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में अधिकारी 23 नवंबर से बांह पर काला बैज पहनकर सरकारी कामकाज कर रहे हैं।
एसोसिएशन का स्पष्ट कहना है कि 30 साल की लंबी सेवा देने के बाद भी अधिकारियों को महज एक प्रमोशन मिलना पूरे कैडर के साथ घोर अन्याय है। प्रमोशन के अवसर रुके होने के कारण देशभर के अधिकारियों में भारी असंतोष और रोष व्याप्त है। 2014 से लंबित है वरिष्ठता सूची एसोसिएशन के पदाधिकारियों के मुताबिक, अधिकारियों की अखिल भारतीय वरिष्ठता सूची वर्ष 2014 से लंबित पड़ी हुई है।
पिछले एक दशक से अधिक समय से सीनियरिटी लिस्ट अपडेट नहीं होने के कारण आगे के प्रमोशन की पूरी प्रक्रिया ठप पड़ गई है। इसका सीधा नुकसान यह हो रहा है कि बड़ी संख्या में योग्य अधिकारी वर्षों से एक ही पद पर काम करने को मजबूर हैं और बिना उचित पदोन्नति पाए ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। संगठन ने केंद्र सरकार और विभाग से लंबित सीनियरिटी लिस्ट तत्काल जारी करने तथा समय के अनुरूप कैडर का पुनर्गठन (कैडर रीस्ट्रक्चरिंग) करने की पुरजोर मांग उठाई है।

