राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर: बिलासपुर से उड़ान भरकर प्रयागराज होते हुए नई दिल्ली जा रहे एलायंस एयर के विमान में शुक्रवार को हवा में तकनीकी गड़बड़ी सामने आने से यात्रियों में खलबली मच गई। विमान के बाएं इंजन का आयल प्रेशर कम होने पर पायलट ने दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद विमान को निर्धारित प्रक्रिया के तहत करीब 2:15 बजे सुरक्षित उतारा गया। विमान में क्रू समेत 40 लोग सवार थे, सभी सुरक्षित हैं।एलायंस एयर की उड़ान संख्या 9आई-698 ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए उड़ान भरी थी। विमान करीब 11:58 बजे प्रयागराज पहुंचा। यहां कुछ देर रुकने के बाद दोपहर 12:33 बजे उसने नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी। दिल्ली पहुंचने से पहले मेरठ के आसपास विमान के बाएं इंजन में आयल प्रेशर कम होने की तकनीकी समस्या सामने आई। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को जानकारी दी और दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति मांगी। सूचना मिलते ही आईजीआई एयरपोर्ट पर आपात एवं सुरक्षा सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया। विमान के उतरने से पहले रनवे और आसपास के क्षेत्र में संबंधित टीमें तैनात कर दी गईं। हालांकि फ्लाइट क्रू कोई आपात स्थिति घोषित नहीं की थी, लेकिन एहतियाती प्रक्रिया के तहत विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। दोपहर करीब 2:15 बजे विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया। इसके बाद यात्रियों और चालक दल ने राहत की सांस ली। एलायंस एयर के प्रवक्ता के अनुसार विमान ट्विन-इंजन टर्बोप्रॉप एटीआर 72-600 था। आयल प्रेशर कम होने के कारण पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी थी। विमान की तकनीकी जांच की जाएगी। घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। इस घटना की सबसे अहम कड़ी बिलासपुर से जुड़ी है। जिस विमान में दिल्ली के रास्ते इंजन संबंधी परेशानी आई, वही विमान शुक्रवार सुबह बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। यानी उड़ान की शुरुआत बिलासपुर से हुई और तकनीकी समस्या गंतव्य से कुछ पहले मेरठ के आसपास सामने आई। विमान ने एक इंजन में आयल प्रेशर घटने के बावजूद सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंचकर लैंडिंग की। बिलासपुर एयरपोर्ट से जुड़ी विमानन सुरक्षा का मुद्दा अभी पुराना भी नहीं हुआ है। 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर आ रहे एलायंस एयर के विमान के लैंडिंग के दौरान टायर फट गए थे। विमान में सवार सभी 41 लोग सुरक्षित रहे थे। घटना के बाद विमान रनवे पर कुछ दूरी तक घिसटा और आपात सेवाएं सक्रिय हुई थीं। अब इंजन आयल प्रेशर की घटना ने फिर सुरक्षा पर नजरें टिकाई हैं। एटीआर 72-600 ट्विन-इंजन टर्बोप्राप विमान है। ऐसे विमान में दो इंजन होने का एक फायदा यह है कि एक इंजन में समस्या आने पर विमान को नियंत्रित रखते हुए सुरक्षित लैंडिंग कराई जा सकती है। शुक्रवार की घटना में भी बाएं इंजन का आयल प्रेशर कम होने की जानकारी सामने आई। पायलट ने स्थिति को नियंत्रित रखा और एटीसी से अनुमति लेकर दिल्ली में विमान उतारा। कोई जनहानि नहीं हुई।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version