वाशिंगटन/इस्लामाबाद. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का “ईरान पर हमले से कोई लेना-देना नहीं” है. उन्होंने अमेरिकी हितों को निशाना बनाने के खिलाफ ईरान को चेतावनी भी दी. ट्रंप ने शनिवार रात ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “ईरान पर हुए हमले से अमेरिका का कोई लेना-देना नहीं है. अगर हम पर ईरान की तरफ से किसी भी तरह हमला हुआ तो अमेरिकी सशस्त्र बल पूरी ताकत से आप पर टूट पड़ेंगे और वो हश्र करेंगे जो आपने पहले कभी नहीं देखा होगा. हालांकि हम ईरान और इजराइल के बीच आसानी से समझौता करवाकर इस खूनी संघर्ष को खत्म करवा सकते हैं.”

ईरान के साथ एकजुटता से खड़ा है पाकिस्तान: प्रधानमंत्री शरीफ
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात कर एकजुटता व्यक्त की और इजराइल के हमले को ”स्पष्ट तौर पर उकसावे का कृत्य” बताया. इजराइल ने शुक्रवार को ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर हमले किए. हमलों में कई वरिष्ठ सैन्य कमांडर और परमाणु वैज्ञानिक मारे गए. बाद में ईरान ने भी जवाबी हमले किए.

शरीफ ने शनिवार को पेजेशकियन से टेलीफोन पर बातचीत में ईरान के खिलाफ इजराइल के हमलों की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि यह हमला ईरान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता तथा संयुक्त राष्ट्र चार्टर एवं अंतराष्ट्रीय कानून का पूर्ण उल्लंघन है. शरीफ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”आज ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियन से बात की और इजराइल के अकारण आक्रमण के सामने ईरान के लोगों के साथ पाकिस्तान की अटूट एकजुटता व्यक्त की.” प्रधानमंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 के तहत ईरान को आत्मरक्षा का अधिकार है. उन्होंने इजराइल के हमलों को क्षेत्रीय, वैश्विक शांति तथा स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बताया.

‘रेडियो पाकिस्तान’ ने अपनी खबर में बताया कि उन्होंने फलस्तीनियों के खिलाफ इजराइल के लगातार ”नरसंहार” अभियान की भी कड़ी निंदा की. प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और संयुक्त राष्ट्र से आग्रह किया कि वे इजराइल के ”आक्रामक रुख और उसके अवैध कृत्यों” पर अंकुश लगाने के लिए तत्काल एवं प्रभावी कदम उठाएं.

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान क्षेत्र में शांति को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस संदर्भ में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है. राष्ट्रपति पेजेशकियन ने इस कठिन समय में, विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ईरान के साथ पाकिस्तान के समर्थन और एकजुटता के लिए प्रधानमंत्री शरीफ को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि शरीफ का यह भाव दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों को दर्शाता है.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version