निलंबन अवधि में मुख्यालय नगरीय प्रशासन एवं विकास दुर्ग
राष्ट्रवाणी 31 जुलाई 2026। नगर पालिका परिषद कटघोरा के अटल परिसर में स्थापित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने तत्कालीन उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर द्वारा 29 जुलाई 2026 को प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में प्रतिमा निर्माण कार्य प्राक्कलन के प्रावधानों के विपरीत पाया गया। जांच में सामने आया कि प्रतिमा के विभिन्न हिस्सों की परत उखड़ रही है, प्रतिमा लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है तथा कांस्य प्रतिमा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है।
जांच में प्रतिमा निर्माण प्रक्रिया के दौरान हुई अनियमितताओं के लिए तत्कालीन उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल को उत्तरदायी माना गया। इसे उनके पदीय दायित्वों के विपरीत आचरण मानते हुए छत्तीसगढ़ नगर पालिका कर्मचारी (भर्ती तथा सेवा शर्तें) नियम, 1968 के नियम-53 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई।
निलंबन अवधि के दौरान चंद्र प्रकाश जायसवाल का मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
यह कार्रवाई नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है।
