राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुरः बेमौसम बरसात और गीले फड़ के कारण समर्थन मूल्य पर धान बेचने से चूक गए अन्नदाताओं को बड़ी राहत मिली है। अब ऐसे किसानों का टोकन निरस्त नहीं होगा, बल्कि उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार आगामी तारीख का नया टोकन जारी किया जाएगा।
सोमवार को अपर मुख्य सचिव एवं प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने बिरकोना, सेंदरी, सेमरताल, रानीगांव व सैदा केंद्रों का निरीक्षण कर यह निर्देश दिए। खरीदी केंद्रों में बारिश के चलते किसानों की कम आवक देख प्रभारी सचिव ने मौके पर मौजूद अन्नदाताओं से सीधा संवाद किया। किसानों ने बताया कि खेतों में पानी भरने से हार्वेस्टर से कटाई में अड़चन आ रही है।
मनोज पिंगुआ ने स्पष्ट किया कि मौसम की मार से कोई भी पात्र किसान उपज बेचने से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने अपने सामने इलेक्ट्रानिक तौल मशीन का सत्यापन कराया और तिरपाल से ढके धान की सुरक्षा जांची। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी मिली तो सख्त कार्रवाई होगी और नोडल अधिकारी प्रतिदिन केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल और पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी आशीष दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। रानीगांव के 400 किसानों का फंसा खाता खुला, बाकियों का प्रस्ताव भेजा 16 कसौटियों पर परखी गई व्यवस्था, सभी मानक मिले दुरुस्त प्रभारी सचिव ने शासन द्वारा निर्धारित 16 बिंदुओं की चेकलिस्ट के आधार पर केंद्रों की जांच की, जिसमें सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप पाई गईं।
पारदर्शिता के लिए केंद्रों में न्यूनतम 7200 क्विंटल बफर क्षमता, बायोमेट्रिक डिवाइस, आर्द्रता मापी यंत्र, किस्मवार अलग-अलग स्टैकिंग और सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य किया गया है। साथ ही दीवार पर निगरानी समिति, खाद्य निरीक्षक और शिकायत काल सेंटर के नंबर लिखना जरूरी किया गया है।

