राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, अंबिकापुर : संत गहिरा गुरु विश्विद्यालय प्रबंधन ने पीएचडी चयन सूची में मनमानी की सारी हदें पार कर दी हैं। बिना परीक्षा और साक्षात्कार में शामिल हुए अभ्यर्थियों का नाम सीधे चयन सूची में शामिल कर लिया है। प्रबंधन की इस मनमानी और भर्राशाही की शिकायत मय प्रमाण राज्य सरकार से की गई है।
प्रबंधन के विरुद्ध अभ्यर्थियों ने मोर्चा खोल दिया है। लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद भी प्रबंधन मौन है। आरोपों को लेकर जिम्मेदार जबाब देने से बच रहे हैं।
अभ्यर्थियों को धमकाया जा रहा है कि उन्हें जहां शिकायत करनी है वे कर सकतें हैं।पीएचडी के लिए जिनका चयन करना था वह कर लिया गया है। विद्यार्थियों का हित और आज की आवश्यकता के अनुरूप उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने का राग अलापने वाला विश्वविद्यालय किस कदर मनमानी कर रहा है इसका प्रमाण अभ्यर्थियों ने स्वयं सार्वजनिक किया है।
विश्वविद्यालय द्वारा समय-समय पर वेबसाइट में अपलोड जानकारी और प्रबंधन से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर विद्यार्थियों ने पीएचडी की चयन सूची को ही कठघरे में खड़ा कर दिया है। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज इस बात के सुबूत हैं कि चयन सूची में शामिल एक छात्र का नाम नेट,सेट,गेट द्वारा छूट प्राप्त अभ्यर्थियों की सूची में नही है और न ही लिखित परीक्षा में वह शामिल हुआ है।
प्रावीण्य सूची में प्रवेश हेतु लिए गए प्रवेश परीक्षा में भी उसका नाम नहीं है। दोनों सूची स्वयं विश्वविद्यालय ने 14 अक्टूबर 2026 को अपने आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया है। लेकिन अंतिम चयन सूची में उसी छात्र का नाम शामिल कर लिया गया है।
चयन सूची में एक ऐसा नाम भी शामिल है जो साक्षात्कार तिथि तीन नवंबर 2026 को बिलासपुर में थे। इसका प्रमाण भी अभ्यर्थियों ने रखा है। विश्वविद्यालय ने यह शर्त रखी थी कि साक्षात्कार में अभ्यर्थी को स्वयं उपस्थित होना होगा।
समय भी निर्धारित था। अभ्यर्थी अब सवाल उठा रहे हैं कि जब दस्तावेजों एवं स्व-प्रमाणित छायाप्रतियों के साथ अभ्यर्थी को स्वतः उपस्थित होना था, तो बिलासपुर से 300 किमी की दूरी तय कर अभ्यर्थी यहां कितने बजे साक्षात्कार में शामिल हुए। मय प्रमाण शिकायत पर प्रबंधन यह दावा कर रहा है कि मौखिक साक्षात्कार लिया गया लेकिन एक अभ्यर्थी के लिए नियम में बदलाव कैसे हुआ ?
इसका जबाब देने अधिकारी तैयार ही नहीं है। किसी भी परीक्षा में अभ्यर्थी का यह अधिकार होता है कि उसे कितने अंक प्राप्त हुए वह जान सके लेकिन प्रबंधन ने चयनित अभ्यर्थियों का अंक ही सार्वजनिक नहीं किया। इसी कारण गड़बड़ी के आरोप लग रहे हैं जबकि प्रबंधन ने पीएचडी की लिखित परीक्षा के लिए 70 तथा साक्षात्कार के लिए 30 अंक निर्धारित किए थे।
कुल 100 अंकों पर चयनित अभ्यर्थियों को कितने अंक मिले इसे सार्वजनिक न कर सीधे चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई। अब मेरिट चयन सूची में प्राप्तांक सार्वजनिक करने की मांग उठ रही है ताकि पारदर्शिता रहे। विश्वविद्यालय की पीएचडी चयन सूची में विसंगति को लेकर अधिवक्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है।
अधिवक्ता राजा जायसवाल के नेतृत्व में अन्य युवा अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को लिखित में ज्ञापन सौंपकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि है कि विश्वविद्यालय ने यूजीसी नियमों एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों का घोर उल्लंघन किया है। तत्काल चयन प्रक्रिया को निरस्त करते हुए तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।इन आरोपों को लेकर ने पीएचडी प्रभारी डा पीयूष पांडेय से फोन कर प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया लेकिन काल रिसीव नहीं करने के कारण प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आ सका है।

