राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर: अशोक नगर अटल आवास ब्लाक-41 में निवासरत लोगो को मूलभूत सुविधाओं के अभाव परेशान होना पड़ रहा है। जर्जर इमारत की टपकती छतों ने दर्जनों परिवारों का जीना मुहाल कर रखा है। प्रशासनिक और स्थानीय जनप्रतिनिधि की उपेक्षा से त्रस्त मोहल्ले वासियों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और अपनी समस्याओं के जल्द निराकरण की गुहार लगाई। अशोक नगर में अटल आवास योजना के तहत बने ब्लाक-41 के रहवासी प्रशासनिक अनदेखी का दंश झेल रहे हैं। अपनी फरियाद लेकर कलेक्टोरेट परिसर पहुंचे हितग्राहियों ने जमकर अपनी भड़ास निकाली। कलेक्टर के नाम सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि शासकीय योजना के तहत मिले इन मकानों का मेंटेनेंस लंबे समय से अटका पड़ा है। रहवासियों ने जिला प्रशासन को बताया कि उनकी समस्याओं को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि पूरी तरह से उदासीन हैं, जिसके कारण उन्हें मजबूरन कलेक्ट्रेट का दरवाजा खटखटाना पड़ा है। हितग्राहियों की प्रमुख मांग है कि आवासों की गुणवत्ता की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि को टाला जा सके। इसके अलावा परिसर के ड्रेनेज सिस्टम और आंतरिक रास्तों के नवनिर्माण के लिए नगर निगम को निर्देशित करने की मांग रखी गई है। ज्ञापन सौंपने आए लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निगम के अमले को भेजकर मरम्मत कार्य और बिजली बिलों का सत्यापन शुरू नहीं कराया गया, तो अटल आवास के दर्जनों परिवार सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। आवास की छतें बारिश के पानी का दबाव नहीं झेल पा रही है। बूंद बूंद रिस्ता पानी कमरों में भर रहा है। सीपेज के कारण छत का प्लास्टर टूट-टूटकर नीचे गिर रहा है, जिससे हादसे का डर बना रहता है। कमरों में रखे घरेलू सामान और अनाज को बचाने के लिए लोग प्लास्टिक तिरपाल और बाल्टियां लगाकर रात-रात भर जागने को विवश हैं। रहवासियों की दूसरी सबसे बड़ी परेशानी हाल ही में लगाए गए स्मार्ट बिजली मीटर है। गरीबों का आरोप है कि घरों में केवल एक पंखा और बल्ब जलने के बावजूद उन्हें हजारों रुपये का भारी-भरकम बिल भेजा जा रहा है। शिकायत करने पर बिजली विभाग के कर्मचारी सुनवाई करने के बजाय सीधे कनेक्शन काटने की धमकी दे रहे हैं।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version