राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, अंबिकापुर : अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 पर जजगा स्थित राजवाड़े ढाबा के सामने बुधवार देर रात तेज रफ्तार इनोवा और बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में इनोवा सवार महिला की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बनी हुई है।सभी सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक रात करीब 12.30 बजे अंबिकापुर की ओर आ रही इनोवा क्रिस्टा बिलासपुर की ओर जा रही पापुलर बस से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के सभी एयरबैग खुल गए, इसके बाद भी सवार सुरक्षित नहीं बच सके। पिछली सीट पर बैठे लोग कार में ही फंस गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रायपुर से अपनी कार से लौट रहे लखनपुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला। दिनेश बारी ने अपनी गाड़ी तथा एंबुलेंस से घायलों को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लखनपुर हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दिलीप कुमारी तिग्गा (52) की मौत हो गई। अन्य सात घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शिव कीर्तन, विजय केरकेट्टा, आसनलाल तिग्गा और तेजकरण का इलाज आइसीयू में चल रहा है। बाकी तीन घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार इनोवा में सवार सभी लोग सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत लमगांव व आसपास के रहने वाले हैं। घायल आसनलाल तिग्गा, पत्नी दिलीप कुमारी तिग्गा व रिश्तेदारों को साथ लेकर बिलासपुर गए थे। वहां परिवार के ही एक सदस्य का निधन हुआ था। बुधवार सुबह ही वे लोग बिलासपुर निकले थे। अंतिम संस्कार में शामिल होकर अपने घर रात को लौट रहे थे। ढाबे के कारण वाहनों का दबाब दुर्घटना का कारण प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे की वजह राजवाड़े ढाबा के पास सड़क किनारे खड़े वाहन बने। ढाबे में खाना खाने रुके भारी वाहनों और अन्य गाड़ियों को लोगों ने सड़क के दोनों ओर बेतरतीब तरीके से लगा दिया था, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह कम हो गई थी। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही बस और इनोवा अचानक आमने-सामने आ गईं और भिड़ गईं। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।लखनपुर थाना प्रभारी संपत राम पोटाई ने बताया कि सूचना पर मृतका के स्वजन सुबह लखनपुर पहुंच गए थे। शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया गया है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version