राष्ट्रवाणी: मनोज यादव, कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े नकली पुलिस बनकर ठगी करने का मामला सामने आया है। निहारिका इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बुजुर्ग को डराया और उनके पास मौजूद सोने के गहने उतरवा लिए। इसके बाद शातिर ठग असली सोने की चेन और अंगूठी लेकर बुजुर्ग को नकली गहने थमा दिए और फरार हो गए। पीड़ित की पहचान खरमोरा निवासी समीर चट्टोपाध्याय, रिटायर्ड बालको कर्मी के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे बाइक से निहारिका इलाके में नारियल पानी पीने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वे काफी देर से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। इलाके में पुलिस की रेड पड़ी हुई है। बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए बुजुर्ग को धमकाया कि उनके पास गांजा होने की सूचना मिली है। इससे पीड़ित डर गए। आरोपियों ने उनसे एक कागज पर हस्ताक्षर भी करवाए। इसी दौरान एक आरोपी ने सुरक्षा जांच के नाम पर उनके गले से सोने की चेन और हाथ से अंगूठी उतरवा ली। आरोपी ने दोनों गहनों को एक पन्नी में रखने का दिखावा किया और उसे पीड़ित को सौंप दिया, लेकिन शातिर ठगों ने इसी दौरान पन्नी बदल दी। पीड़ित के हाथ में नकली चेन और अंगूठी वाली पन्नी थमा दी गई, जबकि असली सोने के गहने लेकर दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। कोरबा कसप प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके में हुई है। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस आसपास लगे ककतव कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बाइक सवार दोनों आरोपियों के हुलिए और उनके आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहले से रेकी कर बुजुर्ग को निशाना बनाया होगा।
Trending
- देश-दुनिया के गोल्फ मानचित्र पर नई पहचान बना रहा छत्तीसगढ़ : CM विष्णु देव साय
- जीआरएसई ने जीएसआई – भारतीय पीएसयू के लिए दो तटीय अनुसंधान जहाजों के लिए प्रस्ताव तैयार किया
- 17 दिन में पूरा हो पाया था Zeenat Aman का एक सीन, पहले नहीं सुना होगा 70s की कल्ट फिल्म का किस्सा – राष्ट्रवाणी
- रायपुर के गुढियारी में डीजे पर विवाद, तोड़ा गया थाने का टीवी, भाजयुमो नेता पर दबंगई का आरोप – राष्ट्रवाणी
- डेनमार्क का कहना है कि रूसी युद्धपोत ने सैन्य हेलीकॉप्टर पर गोलीबारी की—जानें पूरा मामला – राष्ट्रवाणी
- महाराजा चक्रधर सिंह की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचा रहा चक्रधर समारोह: राज्यपाल रमेन डेका – राष्ट्रवाणी
- जशपुर में जनजातीय पर्यटन को बड़ी सौगात, पीएम-जुगा के तहत क्लस्टर होमस्टे परियोजना को मिली मंजूरी – राष्ट्रवाणी
- Rashmika Mandana के हाथ लगा बड़ा प्रोजेक्ट! पर्दे पर ‘संगीत की रानी’ का रोल निभाते नजर आएंगी एक्ट्रेस – राष्ट्रवाणी

