राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे अपने पूरे 2430 रूट किलोमीटर नेटवर्क पर अत्याधुनिक ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली लागू करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। रेलवे संचार अवसंरचना को मजबूत बनाने के साथ ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने, संचार टावरों की स्थापना और लोकोमोटिवों में कवच उपकरण फिटमेंट का कार्य लगातार प्रगति पर है। अब तक 238 लोकोमोटिव (इंजन) में कवच प्रणाली स्थापित की जा चुकी है। बिलासपुर मंडल में बिलासपुर–रायगढ़ रेलखंड पर कवच की कमीशनिंग का कार्य जारी है, जबकि बिलासपुर–चांपा खंड में फील्ड परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं। वहीं नागपुर मंडल के नागपुर–दुर्ग रेलखंड पर एसआईएस-4 कमीशनिंग के लिए साइट परीक्षण और लोको ट्रायल किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 23 जुलाई को नागपुर मंडल के कलमना–सालवा (25 किलोमीटर) रेलखंड पर ब्रेकिंग मोड ऑन के साथ एसआईएल-4 स्तर का कवच ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस परीक्षण में सिग्नल रिस्पॉन्स, स्वचालित ब्रेकिंग, गति नियंत्रण तथा आपातकालीन (एसओएस) प्रणाली की कार्यक्षमता का सफल परीक्षण किया गया। रायपुर मंडल के दुर्ग–मांढर रेलखंड पर भी कवच परियोजना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है। भारतीय रेल की यह स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली ट्रेन संचालन को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में चरणबद्ध तरीके से कवच का विस्तार पूरा होने के बाद रेल परिचालन की सुरक्षा और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। कवच भारतीय रेल के अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) द्वारा विकसित विश्वस्तरीय एसआईएल-4 प्रमाणित स्वदेशी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन प्रणाली है। यह प्रणाली लोको पायलट को वास्तविक समय में सिग्नल, गति सीमा, लक्ष्य दूरी तथा मूवमेंट अथॉरिटी जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराती है। यदि किसी कारणवश लोको पायलट निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं करता अथवा खतरे वाले सिग्नल को पार करने की स्थिति बनती है, तो कवच स्वतः ब्रेक लगाकर ट्रेन को सुरक्षित रोक देता है। घने कोहरे जैसी परिस्थितियों में भी यह प्रणाली सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करती है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version