राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर: रेल मंडल की वाणिज्य विभाग टीम ने बुधवार को जोनल स्टेशन से गुजरने वाली 15 से अधिक ट्रेनों के पेंट्रीकार की औचक जांच की। इस दौरान उन्हें पेंट्रीकार कर्मचारियों की कई लापरवाही पकड़ी। अधिकांश यूनिफार्म नहीं पहने थे।
इसके अलावा दस्ताना व टोपी भी नहीं लगाए थे। मेडिकल सर्टिफिकेट व पुलिस वेरीफिकेशन भी नहीं था। ऐसे 35 कर्मचारियों पर बिना टिकट का अपराध दर्ज कर उनके खिलाफ जुर्माना किया गया।
उनसे 24 हजार 855 रुपये वसूल किए गए। अभी से ट्रेनों में त्योहारी भीड़ शुरू हो गई है। जिसे देखते हुए खानपान सुविधा में किसी तरह लापरवाही न हो और यात्रियों को साफ-सुथरा भोजन व नाश्ता मिले, इसलिए पेंट्रीकार की जांच करने का बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया गया।
इसी के तहत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने टीम बनाकर प्रत्येक ट्रेनों के पेंट्रीकार की जांच करने का निर्देश दिया। इसके बाद टीम रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके बाद सभी प्रमुख ट्रेनों के पेंट्रीकार में दबिश दी।
इस जांच से पेंट्रीकार मैनेजर से लेकर कर्मचारी सकते में आ गए। जांच टीम ने सबसे पहले पेंट्रीकार की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद कर्मचारियों के जरुरी दस्तावेज देखे गए।
जिसमें मेडिकल सर्टिफिकेट से लेकर पुलिस वेरिफेशन जैसी खामियां सामने आई। उनसे पूछताछ की गई लेकिन, वह संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके। इस दौरान 35 केस दर्ज किए गए और सीधे जुर्माने की कार्रवाई की गई।
रेलवे का मानना है कि जुर्माना होने से कर्मचारियों में भय रहेगा और वह सभी कमियां दूर करने के बाद ही पेंट्रीकार में काम करेंगे। इसके बाद भी नहीं मानते हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह का कहना है कि वाणिज्य विभाग की यह जांच अभी पूरे त्योहारी सीजन तक जारी रहेगा।
इसी तरह प्रत्येक ट्रेनों के पेंट्रीकार की जांच की जाएगी। सफाई के साथ खानपान की क्वालिटी परखी जाएगी।
