🔴इबोला वायरस को लेकर अफवाहों से बचें, दुर्ग जिले में कोई संदिग्ध मरीज नहीं : डॉ. बंजारे
दुर्ग, 4 जून 2026 । इबोला वायरस को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में फैल रही चर्चाओं के बीच जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि दुर्ग जिले में इबोला वायरस का कोई संदिग्ध मरीज नहीं मिला है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जिले में एहतियातन जिला अस्पताल दुर्ग में 10 बिस्तरों का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है तथा स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।
डॉ. बंजारे ने बताया कि हाल ही में तीन अंतरराष्ट्रीय यात्री अफ्रीकी देशों से दुर्ग जिले पहुंचे हैं। अंतरराष्ट्रीय यात्रा के कारण निर्धारित स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत उन्हें 21 दिनों के लिए होम आइसोलेशन में रखा गया है। यह पूरी तरह एहतियाती कदम है और इसका मतलब यह नहीं है कि वे संक्रमित हैं।
उन्होंने बताया कि तीनों यात्री पूरी तरह स्वस्थ हैं, उनमें इबोला वायरस से संबंधित कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रतिदिन टेलीफोन के माध्यम से उनकी निगरानी की जा रही है।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की कांटेक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही है और सभी आवश्यक स्वास्थ्य मानकों का पालन किया जा रहा है। किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग और कंट्रोल रूम को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. बंजारे ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा फिलहाल जिले में इबोला वायरस का कोई संदिग्ध मामला नहीं है।

