30 फीट गहराई में SDRF दुर्ग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
राष्ट्रवाणी, 10 अगस्त 2026। जिले के बेरला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंडीभाठा स्थित पत्थर खदान में नहाने के दौरान डूबे 22 वर्षीय युवक का शव एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने दूसरे दिन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बरामद कर लिया। करीब 30 फीट गहरे पानी में डीप डाइविंग कर एसडीआरएफ के जवानों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार घटना 9 अगस्त की शाम करीब 6 बजे की है। चार दोस्त चंडीभाठा स्थित पत्थर खदान पहुंचे थे। इसी दौरान नहाते समय हर्ष दास पिता गोपाल दास (22 वर्ष), निवासी भानपुरी, रायपुर गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर तलाश की गई, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।
सुबह पहुंची SDRF टीम
कंट्रोल रूम दुर्ग से सूचना मिलने के बाद जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की टीम 10 अगस्त की सुबह करीब 5:30 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
लगातार तलाश के बाद करीब सुबह 8:15 बजे एसडीआरएफ टीम को सफलता मिली। डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने लगभग 30 फीट गहरे पानी में उतरकर युवक के शव को खोज निकाला।
शव बरामद करने के बाद उसे आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू टीम में ये जवान रहे शामिल
रेस्क्यू ऑपरेशन प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, राजेश नेताम, रमेश रात्रे, भूपेंद्र सिंह, कुंजेश कुमार, भानुप्रताप, सूरज भांडेकर, ओंकार और शारदा प्रसाद ने रेस्क्यू अभियान में हिस्सा लिया।
एसडीआरएफ टीम की तत्परता और डीप डाइविंग विशेषज्ञों के प्रयास से करीब ढाई घंटे के भीतर युवक का शव गहरे पानी से बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

