राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, धमतरी। शासकीय कनेक्शनों पर आनलाइन बिजली कटौती के बाद अब 10 हजार रुपये से अधिक बकाया वाले 200 घरेलू उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की तैयारी है। इन उपभोक्ताओं पर कुल 23 लाख 55 हजार रुपये का बिल बाकी है।

इनकी सूची राज्य कार्यालय भेज दी गई है। भुगतान नहीं होने पर आनलाइन कनेक्शन काटने की कार्रवाई होगी। बिजली विभाग ने बकाया वसूली के लिए तैयार सूची राज्य कार्यालय भेजी है।

इन 200 उपभोक्ताओं का दो महीने से अधिक समय से बिजली बिल बकाया है। प्रत्येक उपभोक्ता पर 10 हजार रुपये से अधिक की राशि बाकी है। अब संबंधित उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर तीन दिन तक बकाया बिल जमा करने के संदेश भेजे जाएंगे।

इसके बाद भी राशि जमा नहीं होने पर चौथे दिन राज्य स्तर से कनेक्शन आनलाइन काट दिया जाएगा। भुगतान के बाद नियमानुसार बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए विभाग आनलाइन और आफलाइन दोनों तरीके से कार्रवाई कर रहा है।

स्मार्ट मीटर वाले कनेक्शनों की बिजली राज्य स्तर से आनलाइन काटी जा रही है। वहीं जिन उपभोक्ताओं के यहां अभी स्मार्ट मीटर नहीं लगे हैं, उनके बकाया होने पर विभाग की टीम संबंधित स्थान पर पहुंचकर मौके पर बिजली लाइन काट रही है। लोक निर्माण विभाग और एफसीआई के कनेक्शन अब भी बंद हैं।

शासकीय कनेक्शनों पर हुई कार्रवाई के बाद 11 सितंबर के अंक में बिजली कटने के तीन दिन में ही 5.83 लाख जमा शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया था। इसके बाद कुछ विभागों ने बकाया भुगतान के लिए पत्र दिया, लेकिन पीडब्ल्यूडी और एफसीआई की बिजली अभी बहाल नहीं हुई है। सहायक यंत्री भारत लाल सिन्हा ने बताया कि शासन के आदेश के अनुसार बकाया वाले शासकीय कनेक्शनों पर आनलाइन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

जिन विभागों ने जल्द भुगतान करने के संबंध में बिजली विभाग को पत्र दिया है, उनके कनेक्शन पत्र के आधार पर जोड़ दिए गए हैं। बकाया जमा नहीं करने वाले विभागों की बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version