राष्ट्रवाणी: रोहित कश्यप, मुंगेली। पर्यावरण संरक्षण और मुंगेली शहर को हराभरा बनाने के संकल्प के साथ स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी द्वारा पिछले 10 वर्षों से चलाया जा रहा ‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान अपने 10वें वर्ष के अंतिम चरण के साथ संपन्न हुआ। अभियान के 11वें चरण में 30 पौधों का रोपण करने के साथ पूर्व में लगाए गए पौधों का मेंटेनेंस भी किया गया।
अभियान के अंतिम चरण में नीम, कदम, जामुन, गुलमोहर, पेंटाफाम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। संस्था के मुताबिक, इस वर्ष अभियान के तहत कुल 11 चरणों में 380 पौधों का रोपण किया गया। लगाए गए पौधों की सुरक्षा और संवर्धन के लिए ट्री गार्ड और बांस लगाए गए हैं।
संस्था का शुरुआत से ही मानना रहा है कि पौधरोपण में संख्या से ज्यादा उनकी सुरक्षा और देखभाल महत्वपूर्ण है। इसी सोच के तहत संस्था कम संख्या में पौधे लगाने के साथ उनके नियमित मेंटेनेंस और संरक्षण पर जोर देती है। संस्था का कहना है कि यही वजह है कि पिछले वर्षों में लगाए गए पौधे आज बड़े होकर मुंगेली शहर की हरियाली में योगदान दे रहे हैं।
संस्था के संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि ‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ केवल पौधरोपण का अभियान नहीं, बल्कि पौधों को वृक्ष बनाने का संकल्प है। दस वर्षों के सफर में संस्था ने पौधों की संख्या से ज्यादा उनके संरक्षण और जीवित रहने को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि आज जब पूर्व में लगाए गए पौधे बड़े होकर छांव और हरियाली दे रहे हैं, तो यह पूरे अभियान की सबसे बड़ी सफलता है।
आने वाले वर्षों में भी अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा। संस्था के सह संयोजक रामशरण यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन या एक मौसम का काम नहीं है। पौधा लगाने के बाद उसकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है।
संस्था के सभी सदस्य जिम्मेदारी और समर्पण के साथ पौधों के संरक्षण में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि मुंगेली की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख स्थानों पर अधिक से अधिक हरियाली विकसित की जाए। संस्था के सदस्य अनुराग सिंह ने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों की सुरक्षा और नियमित मेंटेनेंस को अभियान का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है।
जब लगाए गए पौधे जीवित रहकर बड़े वृक्ष बनते हैं, तभी प्रयास सार्थक होते हैं। युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना भी संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। दसवें वर्ष के अंतिम चरण के साथ संस्था ने इस वर्ष के अभियान का समापन किया।
इस दौरान संस्था ने आगामी वर्ष में भी हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण करने और लगाए गए पौधों की देखभाल के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में संस्था के संयोजक रामपाल सिंह, सह संयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, गोखलेश सिंह, विकास जैन, मुकेश पांडेय, अनुराग सिंह, कोमल चौबे, नागेश साहू, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, पवन यादव, आर्या सिंह, संदीप सिंह, वासु पांडेय, रवि साहू, आशीष सिंह, श्रेयांश बैद, देवेंद्र सिंह गहरवार, अजय चंद्राकर, परमेश्वर देवांगन, अमित साहू और सुरेश यादव सहित पर्यावरण प्रेमी अरविंद रूपवानी, प्रियांक गुप्ता, नितेश लालवानी, धनेश्वर साहू, सोमेश नंदवानी और सुमित उपाध्याय उपस्थित रहे।
