राष्ट्रवाणी: ऐतिहासिक सौगात: 1440 करोड़ से बदलेगी सिम्स की सूरत, जल्द होगा नए इंटीग्रेटेड कैंपस का भूमिपूजन – स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने किया सिम्स सुपर स्पेशलिटी और स्टेट कैंसर यूनिट का निरीक्षण – स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर शहर का है सबसे बड़ा प्रोजेक्ट प्रतिनिधि,बिलासपुर: स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने शुक्रवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान सिम्स और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल में इलाजरत मरीजों से मुलाकात कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक सौगातों की एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि । इसमें मंत्री जायसवाल ने बताया कि आजादी के बाद जिले के लिए यह पहला ऐसा अवसर है, जब यहां स्वास्थ्य को बेहतर करने के लिए एक साथ 1440 करोड़ रुपये खर्च कर सिम्स के लिए नया इंटीग्रेटेड कैंपस तैयार किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सिम्स के नया इंटीग्रेटेड भवन में कई तरह की सुविधा मिलेंगी। इसमें आधुनिक कालेज, अत्याधुनिक अस्पताल और छात्रावास का निर्माण एक साथ होगा। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का भूमिपूजन जल्द ही मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।
इसके बाद उन्होंने सिम्स सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल के साथ ही स्टेट कैंसर यूनिट का निरीक्षण किया और कैंसर यूनिट का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि अस्पताल खुलने के बाद क्षेत्रवासी लाभांवित हो सके। निरीक्षण के दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, सिम्स के डीन डा़ रमणेश मूर्ति, एमएस डा़ लखन सिंह, डा़ भूपेंद्र कश्यप, डा़ बीपी सिंह के साथ अन्य अधिकारी व भाजपा के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
वही शासी निकाय की बैठक में शहर विधायक अमर अग्रवाल, चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव अमित कटारिया, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा रितेश कुमार अग्रवाल, आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं संजीव झा तथा स्वशासी समिति के सदस्य उपस्थित थे। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि बिलासपुर वासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर यह है कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल परिसर के पास बन रही स्टेट कैंसर यूनिट का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की स्थिति में है।
इसके शुरू होने से बिलासपुर ही नहीं बल्कि पूरे सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कैंसर पीड़ितों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय इलाज की सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के लिए 100 से 200 बेड के सेंदरी में मेंटल हास्पिटल का भी प्रविधान किया गया है, जिसके लिए 20 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री को सिम्स प्रबंधन ने जानकारी दी कि बिजली की समस्या रहती है। बिजली कटौती की समस्या के समाधान के लिए 3500 किलोवाट के जनरेटर पहले से उपलब्ध हैं, पर यह नाकाफी साबित हो रहा है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने अतिरिक्त रूप से 1500 किलोवाट के अतिरिक्त जनरेटर लगाने की स्वीकृति दी, ताकि पावर कट की समस्या से निपटा जा सके।
पीएससी और सीएससी स्तर पर सालभर में 1600-1700 से अधिक मरीजों के छोटे-छोटे मामलों को सीधा सिम्स रेफर किए जाने के मामले पर मंत्री ने कहा कि जो बीमारियां स्थानीय स्तर पर ठीक हो सकती हैं, उनका इलाज वहीं होना चाहिए। इस पर यदि कोई लापरवाही होगी तो सख्त रोक लगाई जाएगी। उन्हें साफ किया कि यदि बेवजह सामान्य मरीजों को सिम्स भेजा जाता है तो संबंधित डाक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
– एक करोड़ रुपये से रजत जयंती समारोह का आयोजन होगा – 27 लाख से सिम्स आडिटोरियम की रंगाई-पोताई – डेढ़ करोड़ से आडिटोरियम को पूरी तरह से वातानुकूलित बनाया जाएगा – 32 लाख से आडिटोरियम में एसीपी वर्क का कार्य – एक करोड़ 62 लाख से सिम्स के अंदर रोड का निर्माण – चार लाख से रजत जयंती स्तंभ का निर्माण – 23 लाख से सिम्स के मुख्य द्वार का उन्नयन – 30 लाख से सिम्स भवन की रंगाई-पुताई – 23 लाख रुपये से रेन वाटर हार्वेस्टिंग का निर्माण
