मुंबई: आईपीएल 2025 में सोमवार को गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 39 रन से हराकर इस सीजन की अपनी छठी जीत दर्ज की। टीम आठ में से छह मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर है। कप्तान शुभमन गिल के 90 रन की बदौलत गुजरात ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 198 रन बनाए।

जवाब में कोलकाता की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 159 रन ही बना सकी। डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता की यह आठ मैचों में पांचवीं हार रही। टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। हार के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे का गुस्सा बल्लेबाजों पर फूटा। उन्होंने कहा कि उन्हें बल्लेबाजों से मध्य के ओवरों में बेहतर बल्लेबाजी की उम्मीद थी। रहाणे ने 36 गेंद पर 50 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन कोलकाता को जीत दिलाने के लिए यह काफी नहीं था। बाकी कोई बल्लेबाज नहीं चल सका।

हार के बाद रहाणे ने क्या कहा?

हार के बाद रहाणे ने कहा कि उन्हें लगा था कि इस पिच पर 199 रन के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। राशिद खान (25/2) और प्रसिद्ध कृष्णा (25/2) की धारदार गेंदबाजी के सामने नाइट राइडर्स की टीम कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी। शुभमन गिल ने 55 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 90 रन की पारी खेलने के अलावा साई सुदर्शन (52) के साथ पहले विकेट के लिए 114 और जोस बटलर (नाबाद 41) के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की जिससे गुजरात ने बड़ा स्कोर खड़ा किया।

‘199 का लक्ष्य हासिल किया जा सकता था’

रहाणे ने मैच के बाद कहा, ‘मुझे लगा कि 199 रन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। हमने गेंद के साथ मैच में बहुत अच्छी वापसी की। आप अच्छी सलामी साझेदारी की उम्मीद करते हैं लेकिन हम पूरे टूर्नामेंट में इसे लेकर जूझ रहे हैं, लेकिन हमें जल्द से जल्द सीखने की जरूरत है।’ रहाणे ने कहा कि पिच धीमी थी लेकिन उन्हें लगा कि 200-210 से कम का स्कोर अच्छा रहेगा।

‘हमें बेहतर बल्लेबाजी की जरूरत’

उन्होंने कहा, ‘पिच थोड़ी धीमी थी लेकिन जब हम गेंदबाजी कर रहे थे तो हमें लगा कि 210 या 200 से कम का स्कोर अच्छा रहेगा। हमें बेहतर बल्लेबाजी करने की जरूरत है, विशेषकर बीच के ओवरों में। हमें बेहतर सलामी साझेदारी की जरूरत है, हमारे गेंदबाजों से कोई शिकायत नहीं है। हर मैच में वे बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। फील्डिंग हमारे नियंत्रण में है, अगर आप 15-20 रन बचा सकते हैं तो यह हमेशा बेहतर होता है। यह सब रवैये के बारे में है लेकिन खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रहे हैं।’

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version