विशाखापत्तम. गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप में बृहस्पतिवार को यहां बांग्लादेश को नौ विकेट पर 198 रन पर रोक दिया. एलेना किंग (18 रन पर दो विकेट), जॉर्जिया वेयरहैम (22 रन पर दो विकेट), एनाबेल सदरलैंड (41 रन पर दो विकेट) और ऐशलेग गार्डनर (48 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए.

बांग्लादेश की ओर से शोभना मोस्तरी ने एक छोर संभाले रखा और 80 गेंद में नौ चौकों की मदद से नाबाद 66 रन की पारी खेलते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. मोस्तरी की यह पारी महिला क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बांग्लादेश की किसी बल्लेबाज का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है. सलामी बल्लेबाज रूबया हैदर ने भी 44 रन की उम्दा पारी खेली. शोभना और रूबया के उम्दा प्रदर्शन के बावजूद बांग्लादेश की पारी कभी भी जरूरी गति नहीं पकड़ पाई और गत चैंपियन के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही.

रूबया और फरगाना हक ने नौ ओवर में 32 रन जोड़कर बांग्लादेश को सतर्क शुरुआत दिलाई. मेगान शुट (11 रन पर एक विकेट) ने फरगाना को स्लिप में बेथ मूनी के हाथों कैच कराके ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता दिलाई. रूबया ने आक्रामक रुख अपनाया और अपनी 59 गेंद की पारी में आठ चौके जड़े. उन्होंने सदरलैंड की आधी पिच पर गिरी गेंद को खूबसूरती से कवर्स के ऊपर से बाउंड्री तक पहुंचाया और फिर अगली गेंद पर भी चौका जड़ा.

रूबया ने कुछ शानदार ड्राइव लगाए. उन्होंने 18वें ओवर में ऐशलेग गार्डनर की गेंद को मिड ऑफ क्षेत्र से बाउंड्री तक पहुंचाया लेकिन दो गेंद बाद मिड ऑन के ऊपर से शॉट खेलने की कोशिश में ताहलिया मैकग्रा को कैच थमा बैठीं. गार्डनर ने 22वें ओवर में शरमीन अख्तर (19) को मिड ऑन पर सदरलैंड के हाथों कैच कराके बांग्लादेश को एक और झटका दिया.

कप्तान निगार सुल्ताना 35 गेंद में 12 रन की पारी के दौरान संघर्ष करती दिखीं. लेग स्पिनर एलेना ने उन्हें विकेटकीपर कप्तान एलिसा हीली के हाथों स्टंप कराया. मोस्तरी ने एक छोर संभाले रखा लेकिन बांग्लादेश ने दूसरे छोर से लगातार विकेट गंवाए और शोर्ना अख्तर (07), रितु मोनी (02), फाहिमा खातून (04), राबिया खान (06) और निशिता अख्तर (01) जैसी बल्लेबाज दोहरे अंक में भी पहुंचने में नाकाम रहीं.



राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version