तेल अवीव. इजराइल ने सात अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के दौरान बंधक बनाए गए दो इजराइली-अमेरिकी लोगों के शव बरामद किए हैं. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. क्षेत्र के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, रातभर और बृहस्पतिवार को इजराइल की ओर से किये गये हमलों में कम से कम 13 लोग मारे गए, जिनमें तीन स्थानीय पत्रकार भी शामिल हैं.

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि जूडिह वीनस्टीन और गैड हग्गई के शव सेना और आंतरिक सुरक्षा एजेंसी ‘शिन बेट’ द्वारा चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत बरामद कर इजराइल लाए गए हैं. नेतन्याहू ने कहा, ”इजराइल के सभी नागरिकों की ओर से मैं इनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे.” किब्बुत्ज नीर ओज ने दिसंबर 2023 में वीनस्टीन (70) और हग्गई (72) की मृत्यु की पुष्टि की थी. किब्बुत्ज नीर ओज एक समुदाय है.

इजराइली सेना ने कहा कि वे दोनों सात अक्टूबर को हुए हमले में मारे गए थे और हाल में उनके शव दक्षिणी गाजा के शहर खान यूनुस से बरामद किए गए हैं. नासिर अस्पताल के अनुसार, खान यूनिस में रातभर इजराइली हमलों में कम से कम 10 फलस्तीनी मारे गए.
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गाजा शहर में अल-अहली अस्पताल परिसर पर हुए हमले में तीन स्थानीय पत्रकार मारे गए और छह लोग घायल हो गए.

इसने पत्रकारों की तत्काल पहचान नहीं बताई तथा यह भी नहीं बताया कि वे किस मीडिया संस्थान के लिए काम करते थे. इजराइली सेना ने कहा कि वह अल-अहली पर हमले की रिपोर्ट की जांच कर रही है. सेना का कहना है कि वह केवल आतंकवादियों को निशाना बनाती है और नागरिकों की मौतों के लिए हमास जिम्मेदार है.

न्यूयॉर्क स्थित ‘कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स’ के अनुसार, इजराइल-हमास युद्ध की शुरुआत से अब तक 180 से अधिक पत्रकार और मीडियाकर्मी मारे गए हैं, जिनमें से ज्यादातर गाजा में मारे गए हैं. इजराइल ने कहा है कि उसके हमलों में मारे गए ज्यादातर लोग पत्रकार के रूप में रह रहे आतंकवादी थे.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version