राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, कोरबा: एक निजी अस्पताल में भर्ती नवप्रसूता सोमवार शाम अचानक लापता हो गई। स्वजन और अस्पताल कर्मी उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार दोपहर अस्पताल से करीब 150 मीटर दूर एक निजी बाड़ी की झाड़ियों में उसका शव दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला।

महिला की पहचान कांता केवट के रूप में हुई है। वह करीब छह दिन पहले ही बच्चे को जन्म देने के बाद अस्पताल में भर्ती थी। बताया जा रहा है कि कटघोरा थाना क्षेत्र की कांता को प्रसव के लिए जेंजरा स्थित निजी जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

करीब छह दिन पहले उसने शिशु को जन्म दिया था। शिशु की हालत गंभीर होने के कारण उसे अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया था। इसी बीच 14 सितंबर की शाम सात बजे कांता बिना किसी को बताए अस्पताल से निकल गई।

उसके लापता होने के बाद स्वजन ने तस्वीर समेत सूचना प्रसारित कर लोगों से तलाश में मदद मांगी। मंगलवार दोपहर अस्पताल के पिछले हिस्से से कुछ दूरी पर स्थित एक निजी बाड़ी में झाड़ियों के बीच युवती के फंदे से लटके होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे स्वजन ने उसकी पहचान कांता केंवट के रूप में की।

सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। महिला अस्पताल से किन परिस्थितियों में निकली और उसकी मौत कैसे हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version