IND vs WI: अब सेमीफाइनल में भारत का सामना 31 जुलाई को पाकिस्तान चैंपियंस से होगा। हालांकि, यह मैच होगा या नहीं, इसकी अभी तक कोई पुष्टि नहीं है, क्योंकि भारत ने लीग राउंड के दौरान पाकिस्तान से मुकाबले का बहिष्कार किया था और खेलने से इनकार कर दिया था। यह देखने वाली बात होगी कि भारत चैंपियंस की टीम क्या फैसला करती है। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में एबी डिविलियर्स की अगुआई वाली दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस टीम ब्रेट ली की अगुआई वाली ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस टीम से 31 जुलाई को ही भिड़ेगी। अंक तालिका में पाकिस्तान शीर्ष पर रहा, जबकि दक्षिण अफ्रीका दूसरे, ऑस्ट्रेलिया तीसरे और भारत चौथे स्थान पर रहा।
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 – अंक तालिका
टीम मैच जीत हार बेनतीजा अंक NRR
पाकिस्तान चैंपियंस (Q) 5 4 0 1 9 +2.452
दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस (Q) 5 4 1 0 8 +2.595
ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस (Q) 5 2 2 1 5 -0.991
इंडिया चैंपियंस (Q) 5 1 3 1 3 -0.558
इंग्लैंड चैंपियंस (E) 5 1 3 1 3 -0.809
वेस्टइंडीज चैंपियंस (E) 5 1 4 0 2 -2.302
भारत चैंपियंस की पारी
भारत को सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए इस लक्ष्य को 14.1 ओवर में हासिल करना था। टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। 52 रन तक भारत ने चार विकेट गंवा दिए थे। रॉबिन उथप्पा आठ रन, गुरकीरत सिंह मान सात रन और सुरेश रैना सात रन बनाकर आउट हुए। शिखर धवन ने 18 गेंद में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 25 रन बनाए। इसके बाद स्टुअर्ट बिन्नी ने कप्तान युवराज सिंह के साथ पांचवें विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी निभाई। युवराज 11 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बिन्नी ने यूसुफ के साथ मिलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। यूसुफ ने सात गेंद में एक चौका और दो छक्कों की मदद से नाबाद 21 रन और बिन्नी ने 21 गेंद में तीन चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए। टीम इंडिया ने 13.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। वेस्टइंडीज की ओर से ड्वेन स्मिथ और ड्वेन ब्रावो ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कॉटरेल को एक विकेट मिला। स्टुअर्ट बिन्नी प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
सेमीफाइनल में पाकिस्तान से खेलेंगे?
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिये पाकिस्तान और पीओके स्थिति आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया था। भारत की इस जवाबी कार्रवाई में कई आतंकी मारे गए थे। इसके बाद पाकिस्तान ने फिर हमले की कोशिश की थी, जिसे भारत ने नाकाम कर दिया था। इस्लामाबाद की कायराना हरकत के बाद टीम इंडिया ने पड़ोसी मुल्क के साथ किसी भी तरह के रिश्ते रखने से इनकार कर दिया था।
