ईरान: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-ब-दिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहे मोर्चे पर ईरान भी इस्राइल और खाड़ी देशों में मैजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब अपने 22वें दिन में प्रवेश कर चुका है और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है।

ईरान के रामसर शहर में अमेरिकी-इस्राइली हमले में परिवार की मौत
ईरान के तटीय शहर रैम्सर में एक घर पर अमेरिकी और इस्राइली हमला हुआ। प्रांत के गवर्नर ने बताया कि इस रात के हमले में एक दंपत्ति और उनका बच्चा मार गया। हमले की वजह से स्थानीय लोग भयभीत हैं और सुरक्षा बल घटनास्थल पर मौजूद हैं। अभी तक हमले में और किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

ईरान के नतांज परमाणु केंद्र पर हमला
ईरान की नजांत परमाणु संवर्धन सुविधा पर आज सुबह अमेरिका और इस्राइल ने जोरदार हमला किया। ईरानी समाचार एजेंसी तसनिम ने बताया कि इस हमले में कोई रेडियोधर्मी रिसाव नहीं हुआ और आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर कोई खतरा नहीं है। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, हमले का मकसद नतांज केंद्र की संवर्धन गतिविधियों को निशाना बनाना था, लेकिन किसी प्रकार की मानव या पर्यावरणीय क्षति की खबर नहीं है।

बगदाद के रिहायशी इलाके में ड्रोन हमला, इराकी सुरक्षा एजेंसी पर भी निशाना

इराक की राजधानी बगदाद के मंसूर इलाके में ड्रोन हमले की खबर है। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, हमले में एक ड्रोन इराकी खुफिया विभाग की बिल्डिंग को निशाना बना रहा था। यह बिल्डिंग अमेरिकी सलाहकारों के साथ काम करने वाली एक इराकी सुरक्षा एजेंसी का हिस्सा है। सूत्रों ने बताया कि एक और ड्रोन, जो ऑपरेशन की शूटिंग कर रहा था, निजी खेल क्लब में गिर गया। यह क्लब इराकी अमीर वर्ग और विदेशी कूटनीतिक अधिकारियों के बीच लोकप्रिय है। इराकी सुरक्षा एजेंसियों ने फिलहाल हमले की विस्तृत जानकारी और किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं की है।

लेबनान में इस्राइल का ऑपरेशन, 4 हिजबुल्ला लड़ाकों के मारे जाने का दावा

इस्राइल की सेना ने दावा किया है कि उसने दक्षिणी लेबनान में चलाए गए एक ऑपरेशन में हिजबुल्ला के चार लड़ाकों को मार गिराया है। सेना के अनुसार, यह कार्रवाई हवाई और जमीनी ऑपरेशन के जरिए की गई। इस दौरान इस्राइल सैनिकों पर भी फायरिंग हुई, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है। इस्राइल ने यह भी बताया कि उसकी वायुसेना ने राजधानी बेरूत में हिजबुल्ला के कई ठिकानों को निशाना बनाकर हमला किया।

ईरान में फांसी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता, तीन युवकों को दी गई मौत की सजा

ईरान में इस हफ्ते तीन युवकों को फांसी दिए जाने के बाद मानवाधिकार संगठनों ने चिंता जताई है कि देश में फांसी की सजा का सिलसिला बढ़ सकता है। इन तीनों में 19 साल के पहलवान सालेह मोहम्मदी भी शामिल थे। उन्हें कोम शहर में गुरुवार सुबह फांसी दी गई। उनके साथ मेहदी कासेमी और सईद दावूदी को भी मौत की सजा दी गई।

सरकारी मीडिया के मुताबिक, इन पर प्रदर्शन के दौरान दो पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोप था और ईश्वर के खिलाफ युद्ध (मोहारबेह) जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने दावा किया है कि इन मामलों की सुनवाई निष्पक्ष नहीं थी और आरोपियों से जबरन कबूलनामे लिए गए। रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान हजारों लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें से कम से कम 27 लोगों को मौत की सजा का सामना करना पड़ सकता है, जबकि 100 से ज्यादा लोगों पर खतरा बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि ये सख्त कदम लोगों में डर पैदा करने और विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए उठाए जा रहे हैं।

इस्राइल पर ईरान का नया हमला
इस्राइल की सेना ने चेतावनी जारी की है कि ईरान की तरफ से मिसाइलों का नया हमला हुआ है। यह शनिवार सुबह से चौथी चेतावनी है। लोगों से कहा गया है कि वह सुरक्षित स्थानों पर जाएं और तब तक वहीं रहें जब तक खतरा टल न जाए। सेना ने बताया कि मिसाइलों को रोकने के लिए हवाई सुरक्षा प्रणाली सक्रिय है और ईरान से थोड़ी देर पहले ही मिसाइलें दागी गई हैं।



राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version