नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और पूर्व के चुनावों में कथित ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर सोमवार को विपक्षी दलों की आलोचना की तथा उन पर देश में अराजकता पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ दल और निर्वाचन आयोग के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘‘वोट चोरी’’ के आरोप को ‘‘झूठ’’ करार दिया।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस इस तरह के हथकंडे अपना रही है क्योंकि उसके पास कोई अन्य मुद्दा नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का प्रदर्शन देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। प्रधान ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल देश में अराजकता पैदा करना चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी उन ‘‘बड़ी ताकतों’’ की भाषा बोल रहे हैं जो भारत में लोकतंत्र को नष्ट करना चाहती हैं।
प्रधान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल बिहार में चुनाव प्रक्रिया एवं मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर सवाल उठा रहे हैं तथा निर्वाचन आयोग के खिलाफ निराधार आरोप लगा रहे हैं क्योंकि वे देश में ‘‘घुसपैठियों’’ को मतदाता बनाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों के मन में डर पैदा करके आप प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी के नेतृत्व, जनता के फैसले और देश की संवैधानिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं डाल सकते।’’
