राष्ट्रवाणी, 14 जून 2026। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठन सृजन अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के सभी जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया है। इस संबंध में एआईसीसी महासचिव एवं सांसद K. C. Venugopal ने सभी जिला-शहर कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र जारी किया है।
13 जून 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत नियुक्त किए गए अध्यक्षों को बधाई देते हुए उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण शिविर 21 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष भाग लेंगे।
पत्र के अनुसार, नई दिल्ली के इंदिरा भवन में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi के मार्गदर्शन के बाद यह निर्णय लिया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में राहुल गांधी भी शामिल होंगे और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।
एआईसीसी ने सभी जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों से प्रशिक्षण शिविर में अनिवार्य रूप से शामिल होने का आग्रह किया है। साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता तथा एआईसीसी के पदाधिकारियों को भी शिविर में पर्याप्त समय देने और कम से कम पांच दिनों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्र में कहा गया है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत बनाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और संगठनात्मक कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
कांग्रेस के इस कदम को छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक पुनर्गठन और आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
