राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के महिला संगठन ने रायपुर डिवीजन के डीआरएम दयानंद को ज्ञापन सौंपा। यात्रियों की सुविधा और सांस्कृतिक प्रसारण से जुड़ी दो मांगें रखीं।
पार्टी ने स्थानीय त्योहारों पर स्टेशनों में पारंपरिक संगीत ब्राॅडकास्ट करने और शारदीय नवरात्र में देवी दर्शन के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा है कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध संस्कृति और त्योहारों के लिए जाना जाता है। इसलिए हरेली, तीजा, पोरा, बस्तर दशहरा सहित एक नवंबर (राज्य स्थापना दिवस) जैसे प्रमुख अवसरों पर रेलवे स्टेशनों में छत्तीसगढ़ी लोकगीत बजाए जाने चाहिए।
इससे स्थानीय लोककला को एक बड़ा सार्वजनिक मंच मिलेगा और बाहरी यात्री भी यहां की संस्कृति से रूबरू हो सकेंगे। अपने दूसरे आवेदन में पार्टी ने शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की मांग की है। प्रतिनिधियों ने बम्लेश्वरी माता (डोंगरगढ़), महामाया मंदिर (रतनपुर), खल्लारी माता (महासमुंद) और चंडी माता (बागबाहरा) जैसे प्रमुख शक्तिपीठों तक पहुंचने के लिए रायपुर मंडल से स्पेशल ट्रेन शुरू करने तथा बिलासपुर मंडल को भी इसका प्रस्ताव भेजने का आग्रह किया गया है।
