कांकेर. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में कथित रूप से माओवादियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज फहराने वाले एक व्यक्ति की हत्या कर दी. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के छोटेबेटिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिनागुंडा गांव निवासी मनीष नुरुटी की हत्या की जानकारी मिली है.

उन्होंने प्राप्त जानकारी के आधार पर बताया कि सोमवार को हथियारबंद नक्सलियों का एक दल बिनागुंडा गांव पहुंचा और वह नुरुटी तथा दो अन्य लोगों को अपने साथ ले गया. अधिकारियों ने बताया कि बाद में नक्सलियों ने ”जनअदालत” लगाकर नुरुटी की हत्या कर दी तथा दो ग्रामीणों की पिटाई कर उन्हें छोड़ दिया. उन्होंने बताया कि माओवादियों ने घटना के बाद गांव के करीब बैनर लगाया है जिसमें उन्होंने नुरुटी की हत्या की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि माओवादियों ने नुरुटी पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया है.

घटना को लेकर कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक आई के ऐलेसेला ने बताया कि पुलिस ने अभी नुरुटी का शव बरामद नहीं किया है.
उन्होंने कहा, ”माओवादियों ने नुरुटी की हत्या के संबंध में बैनर लगाए हैं. हम उसके परिवार के सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं. बिनागुंडा गांव में नक्सलियों का आना-जाना लगा रहता है. पिछले डेढ़ साल में मुखबिरी के आरोप में नक्सलियों ने चार-पांच लोगों की हत्या की है, हालांकि उनका पुलिस से कोई संबंध नहीं था.”

वहीं बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने कहा, ”हमें कांकेर जिले के छोटेबेटिया पुलिस थाना के अंतर्गत बिनागुंडा गांव निवासी मनीष नुरुटी की माओवादियों द्वारा हत्या किए जाने की सूचना मिली है. एक छोटा वीडियो भी सामने आया है जिसमें मनीष नुरुटी कथित तौर पर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेते हुए दिखाई दे रहे हैं. अधिक जानकारी एकत्र की जा रही है और तथ्यों एवं विवरणों की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.” पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिनागुंडा गांव में नुरुटी और ग्रामीणों ने 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज फहराया था जिसके बाद से नक्सली उससे नाराज थे.

सोशल मीडिया में जारी वीडियो में देखा जा सकता है कि एक गांव में कुछ ग्रामीण और बच्चे लाल रंग के स्मारक (जिसे माओवादी मारे गए अपने साथियों की याद में बनाते हैं) के ऊपर तिरंगा झंडा फहरा रहे हैं तथा ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगा रहे हैं. पुलिस सूत्रों ने बताया कि वीडियो में दिख रहे ग्रामीणों में से एक नुरुटी भी है.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version