राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): रायपुर: केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 01 नवंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे नवा रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ करेंगे।
राज्योत्सव के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे। केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया अपने प्रवास के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करने के साथ ही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन समारोह में भी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में भव्य राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
राज्योत्सव में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं, जनजातीय परंपराओं और विकास यात्रा की झलक देखने को मिलेगी। तीन दिनों तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न अंचलों के लोककलाकारों के साथ ही राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
*नर्सिंग महाविद्यालय एवं परिचारक छात्रावास निर्माण का करेंगे भूमिपूजन* निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 1 नवंबर को शाम 5 बजे नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी बाल हृदय चिकित्सालय पहुंचेंगे। यहां वे नर्सिंग महाविद्यालय एवं परिचारक छात्रावास के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे।
नर्सिंग महाविद्यालय एवं परिचारक छात्रावास का निर्माण स्वास्थ्य शिक्षा और चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल होगी। इससे नर्सिंग शिक्षा के लिए आवश्यक अधोसंरचना के विकास के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में सहयोग मिलेगा। *शाम 6 बजे राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे अध्यक्षता* केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शाम 6 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे, जहां वे छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे। समारोह में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
*छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन समारोह में होंगे शामिल*

