नयी दिल्ली: प्रसिद्ध अभिनेता कमल हासन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और तमिल भाषा एवं सभ्यता जैसे मुद्दों पर चर्चा की। राज्यसभा सदस्य हासन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया और प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात की कई तस्वीरें साझा कीं।

उन्होंने प्रधानमंत्री को कीलाडी गांव की ‘थीम’ पर आधारित एक स्मृति चिह्न भी भेंट किया। यह स्थान मदुरै से 12 किलोमीटर दूर वैगई नदी के तट पर स्थित है। अभिनेता ने इस पोस्ट के साथ एक लंबा नोट भी संलग्न किया।
हासन ने पोस्ट में लिखा, ‘‘आज मुझे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

तमिलनाडु के लोगों के प्रतिनिधि और एक कलाकार के रूप में मैंने उनके समक्ष कुछ अनुरोध रखे, जिनमें सबसे प्रमुख हैं कीलाडी की प्राचीनता को मान्यता प्रदान करने में तेजी लाना।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वह तमिल सभ्यता की भव्यता और तमिल भाषा की शाश्वत महिमा को विश्व के सामने प्रर्दिशत करने में तमिल लोगों को अपना सहयोग प्रदान करें।’’

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version