राष्ट्रवाणी: योगेश सिंह राजपूत, बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कॉलेज के प्रोफेसर पर छात्राओं के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप लगा है। छात्रों ने मामले की शिकायत कलेक्टर से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
यह पूरा मामला शासकीय पी जी महाविद्यालय बेमेतरा से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, कॉलेज के प्रोफेसर जे पी राणा ने फोन पर छात्राओं के साथ कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक व्यवहार किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि छात्राओं ने मामले की जानकारी कॉलेज के प्राचार्य वीणा त्रिपाठी को दी, जिसपर प्राचार्य के द्वारा उल्टा छात्राओं को चुप रहने और कॉलेज की बात कॉलेज में निपटाने की बात कही।
इसके बाद अब कलेक्टर कार्यालय में शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल शिकायत के आधार पर मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

