राष्ट्रवाणी: न्यूज, कोरबा: सरकारी स्कूलों के बच्चों को समाज के शिक्षित लोगों से जोड़ने और शिक्षा में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को सभापति की पाठशाला अभियान का शुभारंभ किया गया। नगर निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर शासकीय माध्यमिक शाला सीतामणी पहुंचे और शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों को विभिन्न विषयों की जानकारी दी। उनके साथ जनप्रतिनिधियों ने भी कक्षाओं में बच्चों से संवाद कर सामान्य ज्ञान, खेल और कला से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम में निगम की सदस्य उर्वशी राठौर, पार्षद राधाबाई और रुबिदेवी सागर ने भी विद्यार्थियों के बीच समय बिताया। कक्षा सातवीं और आठवीं के बच्चों से सामान्य ज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे गए तथा प्रश्नों के उत्तर समझाए गए। सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि समाज के शिक्षित नागरिक यदि सप्ताह में एक घंटा भी सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए निकालें, तो इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व विकास और जीवन से जुड़ी उपयोगी जानकारी मिल सकती है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के शासकीय विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों का मार्गदर्शन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामान्य ज्ञान, खेल, कला, नैतिक शिक्षा और व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर बच्चों से संवाद कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। समाज की भागीदारी से जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और वे आगे चलकर सक्षम नागरिक बन सकेंगे। अभियान के दौरान प्रश्नोत्तर गतिविधि में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सौम्य श्रीवास, खेमराज दास, प्रभा सारथी, यक्ष कर्ष और अंकुशा तांती को पुरस्कृत किया गया। सभापति ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और समस्याओं की भी जानकारी ली। समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने की बात कही गई। शाला विकास समिति की अध्यक्ष प्रमिला सागर, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी बढ़ाने वाला प्रयास बताया। कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ कोरबा के उपाध्यक्ष रवि शर्मा, पूर्व पार्षद सुफल दास, समाजसेवी उत्तम आदिले और कृष्णा साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version