राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बालोद। जिले के अर्जुन्दा क्षेत्र में जर्जर सड़क को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट अब राजनीतिक विवाद का कारण बन गई है। भाजयुमो अर्जुन्दा मंलड अध्यक्ष नवीन राजपूत ने क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद पर फोन कर धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि है। इस कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा ने कांग्रेस विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, नवीन राजपूत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अर्जुन्दा से कॉलेज मार्ग तक की जर्जर सड़क की तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे। पोस्ट में उन्होंने विधायक कुंवर सिंह निषाद से सड़क की स्थिति की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की थी। भाजयुमो नेता का आरोप है कि इस पोस्ट से नाराज होकर विधायक ने उन्हें फोन किया और कथित रूप से धमकी भरे लहजे में बातचीत की। भाजपा नेताओं के मुताबिक, वायरल हो रहे कथित ऑडियो में विधायक यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि, “मैं अपनी औकात पर आ जाऊंगा तो तुम्हें जमीन पर चलने लायक नहीं छोड़ूंगा।” ऑडियो सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। मामले को लेकर भाजपा अर्जुन्दा इकाई ने विधायक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन का एलान किया है। पार्टी का कहना है कि जनसमस्याओं को उठाने वाले विपक्षी कार्यकर्ताओं को धमकाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। भाजपा नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कथित ऑडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है। समर्थक और विरोधी अपने-अपने पक्ष में प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र का राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version