इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में ‘हेलमेट नहीं, तो पेट्रोल नहीं’ के प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन पर प्रशासन ने शुक्रवार को सख्त कदम उठाते हुए एक पेट्रोल पंप को सील कर दिया। यह प्रतिबंधात्मक आदेश शुक्रवार से ही लागू हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया जिले के अरंडिया बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप पर उन दोपहिया वाहन चालकों को भी पेट्रोल दिया जा रहा था जिन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखे थे। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप परिसर में दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता से संबंधित कोई सूचना-पट्ट भी नहीं लगाया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन के प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन पर पेट्रोल पंप को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस आदेश के प्रभावी पालन के लिए जिले भर में अनुविभागीय दंडाधिकारियों (एसडीएम) के नेतृत्व में गठित विशेष दल पेट्रोल पंपों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।

अधिकारियों के मुताबिक उच्चतम न्यायालय की सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष और इस अदालत के पूर्व न्यायाधीश अभय मनोहर सप्रे ने मंगलवार को एक बैठक में प्रशासन को निर्देश दिए थे कि वाहन सवारों द्वारा हेलमेट और सीट बेल्ट लगाए जाने के नियम का पालन सुनिश्चित कराने के लिए शहर में सघन अभियान चलाया जाए।

उन्होंने बताया कि इन निर्देशों के अगले दिन बुधवार को प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत ‘हेलमेट नहीं, तो पेट्रोल नहीं’ का प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया। इस कानूनी प्रावधान के तहत दोषी को एक वर्ष तक के कारावास या 5,000 रुपये तक के जुर्माने या दोनों सजाओं से दंडित किया जा सकता है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version