अमेठी/मिर्जापुर/आगरा. उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने तथा धर्म परिवर्तन और निकाह का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के भाई की तहरीर पर जिले के पीपर लपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी हैदर अली और अजीत पाल को गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने कहा कि पीपरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक महीने पहले उसकी नाबालिग बहन को गांव के ही हैदर अली ने बहला-फुसलाकर घर से हैदराबाद ले जाकर अपने कमरे पर रखा.

तहरीर के अनुसार कुछ दिनों बाद हैदर अली ने नाबालिग के साथ मारपीट कर उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म भी किया. हैदर अली की गैर मौजूदगी में लड़की किसी तरह वहां से निकलकर एक व्यक्ति के साथ बदहवास हालत में अपने घर पंहुची. इसके बाद पीड़िता ने परिजनों को आप बीती सुनाई.

एएसपी ने बताया कि मामले के दोनों आरोपी हैदर अली और अजीत पाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि पीड़िता की चिकित्सा जांच व अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पीपरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक रामराज कुशवाहा ने बताया कि लड़की को बहला-फुसलाकर घर से भगाने का काम अजीत पाल ने ही किया था. इस पूरे मामले में पाल ने ही अहम भूमिका निभाई थी.

मिर्जापुर में महिला का धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश का आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पुलिस ने एक विवाहित महिला को बहला-फुसलाकर उसका धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश के आरोप में मंगलवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी. पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सोमवार को महिला के पिता ने विंध्याचल थाने में शिकायत दर्ज करायी थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि शाहरुख नामक व्यक्ति उसकी 28 वर्षीय विवाहित बेटी को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहा है.

उन्होंने बताया कि इस शिकायत के आधार पर विंध्याचल थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हलिया थाना क्षेत्र के पवारी खुर्द निवासी शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया है. आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है.

आगरा में अवैध धर्मांतरण मामले में चार आरोपियों की हिरासत अवधि चार दिन के लिये बढ़ी

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की एक अदालत ने बड़े पैमाने पर अवैध धर्मांतरण के सिलसिले में गिरफ्तार चार आरोपियों की पुलिस हिरासत की अवधि मंगलवार को चार दिन के लिए बढ़ा दी. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि वहीं छह अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

अभियोजन अधिकारी ब्रजमोहन सिंह कुशवाहा ने बताया, “आगरा के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मृत्युंजय श्रीवास्तव ने आयशा, रहमान कुरैशी, मोहम्मद अली और अली हसन की पुलिस हिरासत चार दिन के लिए बढ़ा दी. अन्य छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.” पुलिस ने 19 जुलाई को अवैध रूप से बड़े पैमाने पर धर्मांतरण कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह राज्यों से 10 लोगों को गिरफ्तार किया था.

अधिकारी ने बताया कि इस साल मार्च में आगरा में 33 और 18 वर्षीय दो बहनों के लापता होने की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू हुई थी तथा जांच में पता चला कि लड़कियों को धर्म परिवर्तन के लिए कथित तौर पर मजबूर किया गया था. उन्होंने बताया कि एक लड़की ने सोशल मीडिया मंच पर अपनी प्रोफाइल फोटो के तौर पर एके 47 राइफल लिए एक लड़की की तस्वीर भी लगाई थी.

आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया, “प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों बहनें लव जिहाद और कथित तौर पर कट्टरपंथ फैलाने वाले एक गिरोह के निशाने पर थीं.” उन्होंने बताया, “हमें अमेरिका और कनाडा से उनके वित्तपोषण के बारे में भी सुराग मिले हैं.” अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शुरुआत में 10 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से राजस्थान से तीन, उत्तर प्रदेश व पश्चिम बंगाल से दो-दो और गोवा, उत्तराखंड व दिल्ली से एक-एक व्यक्ति को पकड़ा गया था.

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान आयशा (गोवा), अली हसन व ओसामा (कोलकाता), रहमान कुरैशी (आगरा), अब्बू तालिब (मुजफ्फरनगर), अबू रहमान (देहरादून), मोहम्मद अली, जुनैद कुरैशी ­व मोहम्मद अली (राजस्थान) और मुस्तफा (दिल्ली) के रूप में हुई है. अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version