सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 09 अप्रैल 2026। नया रायपुर के पलौद क्षेत्र में गुरुवार सुबह नहर में नहाने गई तीन बहनों में से एक 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची लापता हो गई। यह नहर गंगरेल से पलौद अभनपुर होकर लवन की ओर बहती है। नहर पलौद और गनौद के बीच से होकर बहती है।
गंगरेल से दो दिन पहले ही पानी छोड़ा जा रहा है इससे पानी का बहाव काफी तेज है। इसमें संतुलन खोने से यह हादसा हुआ। तीसरी बहन को लेकर दोनों का रो रोकर बुरा हाल है। लापता बच्ची सेजबहार गाँव की रहने वाली है, जो अपनी बुआ के घर छुट्टी मनाने गई थी। सूत्रों के अनुसार, तीनों बहनें सुबह नहर में नहाने गई थीं। नहाने के दौरान अचानक बहाव में आने से तीनों बहनों को खतरा हुआ। नहर में मौजूद अन्य महिलाएं तुरंत बचाव में आई और दो बहनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, 13 वर्षीय बच्ची बहाव में बह गई और अभी तक लापता है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर तुरंत नहीं पहुंच सकीं। इस वजह से बचाव और खोज कार्य में देरी हुई। परिवार और स्थानीय लोग नाबालिग को खोजने के प्रयास में जुटे हैं। आसपास के ग्रामीण और पड़ोसी भी खोज में मदद कर रहे हैं। परिजनों की माने तो बच्ची का पता लगाने के लिए नहर के दोनों किनारों पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
