राष्ट्रवाणी: बलरामपुर (उप्र), 27 सितंबर (भाषा) बलरामपुर जिले में पिछले तीन दिनों में बहुत अधिक बारिश और तेज आंधी ने भारी नुकसान किया है और पिछले 24 घंटे के भीतर मां-बेटे सहित नौ लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले में हजारों की संख्या में पेड़ टूट कर गिर गए हैं और धान और गन्ने की फसल बुरी तरीके से प्रभावित हुई है।
जिले के अलग-अलग इलाकों में 500 से अधिक बिजली के खंभे टूट कर गिर गए जिसके कारण पिछले 48 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। जिला प्रशासन ने आपदा को देखते हुए सभी कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दी है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
जिलाधिकारी विपिन जैन ने रविवार को बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों में जिला प्रशासन लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि फसलों के नुकसान के आकलन के लिए राजस्व टीम गठित की गई है। जैने ने कहा कि अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास शुरू कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में विगत 48 से 72 घंटे के दौरान हुई अत्यधिक बारिश के दृष्टिगत राहत कार्यों की समीक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि किसान फसल बीमा के अंतर्गत अपनी फसल के नुकसान की सूचना हेल्पलाइन नंबर 14447 पर भी दर्ज करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि राप्ती नदी के जलस्तर एवं जल प्रवाह की निरंतर निगरानी की जा रही है।
