राष्ट्रवाणी: रायपुर, 27 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निर्वाचन आयोग के बारे में लगाए गए आरोपों के लिए आयोग और देश से माफी मांगनी चाहिए। साय ने विपक्षी पार्टी पर बार-बार चुनावी हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं की छवि खराब करने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ।
साय ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगभग 100 चुनाव हार चुकी है और (यह पार्टी) इतिहास के कूड़ेदान में फेंक दिए जाने लायक हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त और दो निर्वाचन आयुक्तों की बैठक से यह साबित हो गया है कि आयोग में आंतरिक मतभेद होने के कांग्रेस के दावे गांधी द्वारा भारत के संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने की एक चाल हैं।
अखबार ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की खबर के बाद कांग्रेस और कई अन्य दलों तथा संगठनों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। खबर में दावा किया गया था कि दो निर्वाचन आयुक्तों ने 10 महीने में कम से कम 14 बार एसआईआर प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग के तरीके पर औपचारिक आपत्ति जताई थी।
साय ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने एक बयान के जरिये स्पष्ट किया है कि एसआईआर समेत सभी फैसले तीन-सदस्यीय आयोग ने सर्वसम्मति से लिये हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी कांग्रेस को चुनावी हार का सामना करना पड़ता है, वह बार-बार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है। कांग्रेस की ओर से पूर्व में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को लेकर की गई आलोचना का जिक्र करते हुए साय ने कहा कि उसके नेताओं ने उसी व्यवस्था से चुनाव जीतने के बावजूद चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर चुनाव प्रक्रिया गलत है, तो कांग्रेस के प्रतिनिधियों को खुद से पूछना चाहिए कि क्या उनका अपना चुनाव भी गलत था।’’
