राष्ट्रवाणी: महासमुंद। छत्तीसगढ़-ओडिशा अंतर्राज्यीय सीमा पर गांजा तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन निश्चय के तहत थाना सिंघोड़ा पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कंटेनर से 111.350 किलो गांजा बरामद किया है।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 55 लाख 67 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में उत्तरप्रदेश के 3 और ओडिशा के 4 आरोपियों समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर, पायलटिंग कर रही कार और 9 मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 5 लाख 9 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर वाहन क्रमांक RJ 14 GV 0484 में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लाया जा रहा है। इस कंटेनर की पायलटिंग KIA Carens क्रमांक OD 11 AC 3003 से की जा रही थी। इसकी सूचना के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस और ANTF की टीम ने NH-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकेबंदी की।
कुछ देर बाद पहले पायलटिंग कार और उसके पीछे कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। पायलटिंग कार में चार लोग और कंटेनर में तीन लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान कंटेनर में गांजा होने की बात सामने आई।
आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के रेडाखोल, जिला संबलपुर से लोड कर नागपुर (महाराष्ट्र) ले जाया जा रहा था। तलाशी के दौरान कंटेनर से 111.350 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। कंटेनर में सवार आरोपी: इरफान अली, उम्र 33 वर्ष, प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेशशिवम सिंह पाल, उम्र 26 वर्ष, कानपुर देहात, उत्तर प्रदेशआरिफ अली, उम्र 23 वर्ष, प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश पायलटिंग कार में सवार आरोपी: सुजीत स्वाई, उम्र 32 वर्ष, बौध, ओडिशामानस रंजन, उम्र 40 वर्ष, बौध, ओडिशाकृष्णचंद प्रधान, उम्र 50 वर्ष, संबलपुर, ओडिशाआनंद साहू, उम्र 24 वर्ष, बौध, ओडिशा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1,05,09,500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
इसमें 55.67 लाख रुपये का गांजा, करीब 40 लाख रुपये का कंटेनर, 8.50 लाख रुपये की KIA Carens और करीब 92 हजार रुपये कीमत के 9 मोबाइल फोन शामिल हैं।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 116/2026, धारा 20(B)(II)(C), 29(1) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा तस्करी के नेटवर्क और गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
